नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बेथ मूनी और साउथ अफ्रीकी सीमर अयाबोंगा खाका को मार्च महीने के लिए ‘आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड’ के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर अमेलिया केर ने जिम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन किया था। बीते महीने उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के तीन मुकाबलों में 46.67 की औसत के साथ 140 रन बनाने के अलावा, सर्वाधिक 16 विकेट हासिल किए थे। जब न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज में जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया, तो अमेलिया ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहीं। इसके बाद अमेलिया ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध वनडे मैच में 105 रन बनाने के बाद वनडे मुकाबले में 179 रन की नाबाद पारी खेली थी।
वहीं, बेथ ने दो वनडे मुकाबलों में कुल 171 रन बनाए। उन्होंने होबार्ट में भारत के खिलाफ सीरीज के आखिरी वनडे में नाबाद 106 रन की पारी खेली, जिससे ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से सीरीज जीत मिली। इसके अलावा बासेटेरे में वेस्टइंडीज के खिलाफ 65 रन बनाए। बेथ ने तीन टी20 मुकाबलों में 128.91 के स्ट्राइक-रेट से कुल 107 रन बनाए। इसमें किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में 55 गेंदों पर बनाए गए 79 रन भी शामिल हैं।
दूसरी ओर, अयाबोंगा न्यूजीलैंड में खेली गई टी20 सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं, उन्होंने चार मुकाबलों में कुल आठ विकेट लिए। इसके बाद लगातार अच्छा प्रदर्शन जारी रखा, उन्होंने क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 56 रन देकर 6 विकेट लिए थे। अगले मैच में 51 रन देकर 3 विकेट निकाले।
उल्लेखनीय है कि फरवरी माह के लिए भारत की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को ‘आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया था। अरुंधति ने अपने करियर में पहली बार यह सम्मान हासिल किया था। अरुंधति ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट हासिल किए थे।
–आईएएनएस
आरएसजी
