नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। नई दिल्ली में सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डेन्जिल डगलस का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह दौरा दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने और द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डेन्जिल डगलस का नई दिल्ली आगमन पर हार्दिक स्वागत है। यह यात्रा हमारे दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने और सहयोग का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपनी इस यात्रा के दौरान, भारत में सेंट किट्स और नेविस के उच्चायोग का भी उद्घाटन किया जाएगा।”
डेन्जिल डगलस 3 से 8 अप्रैल तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री डेन्जिल डगलस सोमवार को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे 7 अप्रैल को दोपहर एक बजे हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। इसके अगले दिन 8 अप्रैल को उनकी वापसी होगी।
डगलस सेंट किट्स और नेविस की राजनीति में एक अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने कई दशकों से देश की सेवा की है।
उन्होंने 1995 से 2015 तक संघ के दूसरे प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की। 2022 में उन्हें फिर से सरकार में शामिल किया गया और वे विदेश, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, उद्योग, वाणिज्य, उपभोक्ता मामलों और निवेश के मंत्री नियुक्त हुए।
विदेश मंत्री के रूप में वे कई अंतरराष्ट्रीय बैठकों और सहयोग कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं, जिसमें भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के प्रयास शामिल हैं।
इससे पहले डेन्जिल डगलस ने अगस्त 2024 में भारत का दौरा किया था।
उस दौरान विदेश मंत्री ने सेंट किट्स और नेविस के विदेश मंत्री की मेजबानी की थी। दोनों मंत्रियों ने रक्षा एवं सुरक्षा, स्वास्थ्य व फार्मा, स्टाफ प्रशिक्षण, अक्षय ऊर्जा, कृषि एवं खाद्य सुरक्षा, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को साझा करने और विकास सहयोग समेत कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया था।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
