'सास बहू यमराज' के वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर में दिखेगा मनोरंजन का तड़का


मुंबई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सास बहू यमराज’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर बहुत जल्द होने जा रहा है। फिल्म में सास बहू के बीच की मीठी तकरार के साथ-साथ परिवार के गहरे रिश्तों की जड़ों को भी दिखाया गया है।

मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, “‘सास बहू यमराज’ जल्द आ रहल बा, भोजपुरी के नंबर वन चैनल ‘भोजपुरी सिनेमा’ पर।”

पोस्ट देखकर फैंस फिल्म को देखने के लिए काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं। वे फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।

संजय श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित फिल्म आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह के अलावा, समर्थ चतुर्वेदी, अयाज खान, श्रद्धा नवल, विद्या सिंह, साहिल सिद्दीकी, रितु चौहान और अवधेश मुखिया के अलावा कई स्टार्स शामिल हैं।

यह एक पारिवारिक कॉमेडी-ड्रामा है, जिसमें आम्रपाली और उनकी सास यमराज को अपना भाई बना लेती हैं। फिल्म में सासू मां के साथ आम्रपाली की खट्टी-मीठी नोकझोंक और मनोरंजन का तड़का देखने को मिलेगा। इससे पहले मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर जारी किया था।

ट्रेलर की शुरुआत में आम्रपाली विक्रांत के घर की बहू बनकर एंट्री लेती है, जो कोर्ट मैरिज करके आई है, लेकिन विक्रांत की मां यानी कलावती को ये शादी मंजूर नहीं है। अब समाज की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए दोनों की दोबारा शादी कराई जाती है। इसी बीच होती है चित्रगुप्त और यमराज की एंट्री, जिन्हें कलावती के प्राण हरने हैं, लेकिन यमराज खुद कलावती के घर पहुंचकर रिश्तों के मोह में फंस जाते हैं और कलावती और आम्रपाली दोनों ही यमराज को भाई बना लेती हैं और फिर शुरू होती है असली कॉमेडी।

ट्रेलर के आखिरी कुछ मिनट दर्शकों को इमोशनल कर सकते हैं क्योंकि अपनी सास कलावती को बचाने के लिए आम्रपाली यमराज से उनके प्राण लेने की बात करती हैं। अब फिल्म देखने के बाद ही पता चलेगा कि यमराज अपने साथ किसके प्राण लेकर जाते हैं। सोशल मीडिया पर ट्रेलर को खूब सारा प्यार मिल रहा है, क्योंकि इस फिल्म का कंटेंट बाकी भोजपुरी फिल्मों से काफी अलग है। भाभी, देवर और लवस्टोरी से हटकर कुछ नया दिखाने की कोशिश की गई है।

–आईएएनएस

एनएस/


Related Articles

Latest News