अमेरिका-इजराइल की ईरान से चल रही जंग के बीच सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, गुरुवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 5,346 रुपए घटकर 1.46 लाख रुपए आ गया है। इससे पहले बुधवार को यह 1.51 लाख पर था।
वहीं, एक किलो चांदी 15,176 रुपए घटकर 2.25 लाख रुपए रह गई, जो 25 मार्च को 2.40 लाख रुपए पर थी। अमेरिका-ईरान जंग के कारण सोना 34 दिन में 13,590 और चांदी 42,040 सस्ती हुई है।
सोना ऑल टाइम हाई से ₹31 हजार सस्ता हुआ
साल की शुरुआत में सोने में तेजी थी, लेकिन हाल के हफ्तों में मुनाफावसूली और ईरान जंग से गिरावट आई है।
- शुरुआती स्तर (31 दिसंबर 2025): ₹1.33 लाख
- ऑल टाइम हाई (29 जनवरी 2026): ₹1.76 लाख
- मौजूदा स्थिति: अपने उच्चतम स्तर से सोना अब तक ₹31 हजार सस्ता हो चुका है।
चांदी में भारी गिरावट: ₹3.86 लाख से ₹2.25 लाख तक
चांदी में सोने के मुकाबले ज्यादा उतार-चढ़ाव रहा और यह ऑल टाइम हाई से तेजी से नीचे आई है।
- शुरुआती स्तर (31 दिसंबर 2025): ₹2.30 लाख
- ऑल टाइम हाई (29 जनवरी 2026): ₹3.86 लाख
- गिरावट का आंकड़ा: पिछले 63 दिन में चांदी ₹1.61 लाख सस्ती हो गई है।

गिरावट के मुख्य कारण: कैश पर भरोसा बढ़ा
आमतौर पर जंग के माहौल में सोने-चांदी के दाम बढ़ते हैं, लेकिन इस बार स्थिति अलग है:
- मिडिल ईस्ट जंग में निवेशक जोखिम से बचते हुए गोल्ड-सिल्वर बेचकर कैश इकट्ठा कर रहे हैं, ताकि अनिश्चितता में लिक्विडिटी बनी रहे।
- जनवरी में रिकॉर्ड कीमतों पर बड़े निवेशकों ने होल्डिंग बेची, जिससे सप्लाई बढ़ी और कीमतें गिरीं।
- अमेरिका के फेडरल रिजर्व के सख्त रुख से कीमती धातुओं की चमक फीकी हुई है।
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक सोना-चांदी के दाम में आगे भी ये गिरावट जारी रह सकती है। ऐसे में निवेशकों को अभी सोने-चांदी में निवेश से बचना चाहिए।
ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
1. हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
2. सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।
असली चांदी की पहचान करने के 4 तरीके
- असली सिल्वर चुंबक से नहीं चिपकती। अगर चिपक जाए तो फेक है।
- सिल्वर पर बर्फ रखें। असली सिल्वर पर बर्फ तेजी से पिघलती है।
- असली सिल्वर में गंध नहीं होती। फेक में कॉपर जैसी गंध आती है।
- चांदी को सफेद कपड़े से रगड़ें। अगर काला निशान आए तो असली है।
