नासा का आर्टेमिस-2 गुरुवार सुबह होगा लॉन्च, 10 दिन चंद्रमा का चक्कर लगाएंगे अंतरिक्ष यात्री


नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। नासा के चार अंतरिक्ष यात्री एक ऐसे मिशन पर रवाना होने वाले हैं, जिसमें वे चांद के चारों ओर चक्कर लगाएंगे। इस मिशन का लाइव प्रसारण शुरू हो चुका है। आर्टेमिस 2 रॉकेट गुरुवार सुबह करीब चार बजे लॉन्च होगा।

यह नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम का पहला मानव-सहित अभियान है। इसका प्रक्षेपण अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के प्रक्षेपण केंद्र से किया जाएगा।

आर्टेमिस 2 का प्रक्षेपण 1 अप्रैल को कैनेडी स्पेस सेंटर से किया जाएगा। प्रक्षेपण अमेरिकी समय के अनुसार, शाम 6 बजकर 24 मिनट (भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 3:54 बजे) से शुरू होगा। इस अभियान में चार अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं, जिनमें नासा से रीड वाइजमैन (अभियान प्रमुख), विक्टर ग्लोवर (अभियान चालक), क्रिस्टीना कोच (अभियान विशेषज्ञ) और कनाडा की अंतरिक्ष संस्था से जेरेमी हैंसन (अभियान विशेषज्ञ) हैं।

प्रक्षेपण के बाद ये सभी रॉकेट के माध्यम से अंतरिक्ष में जाएंगे और ‘इंटीग्रिटी’ नामक ओरियन अंतरिक्ष यान में सवार होकर चंद्रमा के चारों ओर घूमकर लगभग 10 दिनों की यात्रा के बाद वापस लौटेंगे। यह अभियान प्रक्षेपण यान और ओरियन अंतरिक्ष यान का पहला मानव-सहित परीक्षण है, जिसमें उन तकनीकों की जांच की जाएगी जो लंबे समय तक चंद्र अन्वेषण और मानव को मंगल ग्रह तक भेजने के लिए आवश्यक हैं।

नासा के एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर अमित क्षत्रिय ने बताया कि 53 साल पहले इंसान चांद से लौट आया था और फिर वापस नहीं गया। अब हम फिर से वहां जा रहे हैं।”

आर्टेमिस 2 रॉकेट कैनेडी स्पेस सेंटर, फ्लोरिडा से लॉन्च होगा। यह मिशन 10 दिनों का होगा, जिसमें अंतरिक्ष यात्री चांद के बहुत करीब जाएंगे, लेकिन वहां उतरेंगे नहीं। पिछले महीने तकनीकी कारणों से मिशन में देरी हुई थी, लेकिन अब सब कुछ तैयार है।

इस मिशन पर जा रहीं क्रिस्टीना कोच का कहना है कि, “हम चाहते हैं कि यह मिशन एक नए युग की शुरुआत बने, जहां हर इंसान चांद को एक मंजिल के रूप में देख सके।”

–आईएएनएस

एएमटी/डीएससी


Related Articles

Latest News