नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की दिल्ली के शाहदरा नॉर्थ जोन में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में कार्रवाई लगातार तीसरे दिन जारी रही। इस मामले में रिश्वत ली गई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान एक जूनियर इंजीनियर शुभम रावत और एक बेलदार गिरिराज बंसल को हिरासत में लिया गया है।
यह मामला करावल नगर क्षेत्र में इमारत निर्माण से जुड़ा है।
शाहदरा नॉर्थ जोन में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही, जिससे पूरे जोनल कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बनी रही। सोमवार को जोन के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मिश्रा और प्रशासनिक अधिकारी दिव्यांशु गौतम की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को भी सीबीआई की टीम अचानक कार्यालय पहुंची और कई घंटों तक गहन जांच-पड़ताल की।
इस दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग विभागों के कमरों में छापेमारी करते हुए महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलें और लैपटॉप अपने कब्जे में लिए, जिनकी अब बारीकी से जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान एक जूनियर इंजीनियर शुभम रावत और एक बेलदार गिरिराज बंसल को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले में उनकी भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला करावल नगर क्षेत्र में स्थित एक इमारत के निर्माण से जुड़ा हुआ है, जहां निर्माण कार्य को लेकर शिकायत सामने आई थी।
आरोप है कि इस मामले में रिश्वत ली गई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
सीबीआई टीम के अचानक पहुंचने से पूरे दिन कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बना रहा। कर्मचारी एक-दूसरे से इस कार्रवाई को लेकर चर्चा करते नजर आए। हर कोई मामले की गंभीरता को लेकर अटकलें लगाता दिखा। लगातार हो रही कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि जांच एजेंसी इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
–आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
