महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल- शिंदे और फडणवीस दिल्ली में अमित शाह से कर रहे मुलाकात


नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की नाराजगी के बीच राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर रहे हैं। महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में शामिल एनसीपी ( अजित पवार गुट ) के नेता एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार के उनके साथ दिल्ली नहीं आने पर उनकी नाराजगी की चर्चा और तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि दिन में अचानक अपने सारे कार्यक्रमों को स्थगित कर एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो गए और अभी ये दोनों नेता दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि शिंदे और फडणवीस दोनों नेता शाह को महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात, अजित पवार के रवैये और उनकी मांग के बारे में बता रहे हैं। तीनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र में होने वाले संभावित कैबिनेट विस्तार और विधायकों की अयोग्यता के मसले पर भी चर्चा हो सकती है।

बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार पिछले कुछ दिनों से नाराज चल रहे हैं और वह राज्य कैबिनेट की बैठक में भी शामिल नहीं हो रहे हैं। राज्य में कैबिनेट के लंबित विस्तार और गार्जियन मिनिस्टर के पद सहित अन्य कई मुद्दों पर अजित पवार नाराज बताए जा रहे हैं।

–आईएएनएस

एसटीपी/एसजीके


Related Articles

Latest News