अंतरराष्ट्रीय मंच पर अक्षरा सिंह का जलवा, फिल्म फेस्टिवल में पसंद की गई 'मुझे ऐसा पति दे भगवान'


मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा आज के समय तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब यह अच्छी कहानियों और मजबूत स्क्रिप्ट के साथ दर्शकों से जुड़ रहा है और धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है।

इसी कड़ी में अभिनेत्री अक्षरा सिंह की फिल्म ‘मुझे ऐसा पति दे भगवान’ को अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल दिल्ली में जगह मिली है। यह फिल्म भोजपुरी भाषा की पहली फिल्म है, जो इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल में चुनी गई। मूवी को फिल्म फेस्टिवल में अच्छी प्रतिक्रिया मिली।

मंगलवार को अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने समारोह की कुछ झलकियां अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। अभिनेत्री द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों की तरफ से फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अभिनेत्री ने खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “जब आपकी कहानी और भाषा दुनिया के बड़े मंच तक पहुंचती है, तो यह सिर्फ एक उपलब्धि नहीं बल्कि, एक खास एहसास होता है।”

अक्षरा ने आगे लिखा, “इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली में हमारी पहली भोजपुरी फिल्म का चयन हुआ है, ‘ऐसा पति मुझे दे भगवान’। मैं खुद को बहुत खुश और गौरवशाली महसूस कर रही हूं।”

उन्होंने अपनी पूरी टीम को बधाई दी। इसमें सह- अभिनेता अंशुमान सिंह राजपूत, प्रोड्यूसर अविनाश रोहरा, डायरेक्टर इश्तियाक शेख बंटी समेत फिल्म की पूरी टीम शामिल हैं। अक्षरा ने लिखा, “मेरे सभी साथियों को दिल से बधाई। और आप सभी दर्शकों का भी दिल से धन्यवाद, जिन्होंने हमें यहां तक पहुंचाया।”

अभिनेत्री ने लिखा कि अब यह सफर और भी बड़ा होने वाला है। उन्होंने दर्शकों से कहना है कि क्या आप हमारा साथ देंगे?

इश्तियाक बंटी शेख द्वारा निर्देशित फिल्म ‘ऐसा पति मुझे दे भगवान’ एक इमोशनल कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जो पत्नी के प्रेम और तीज व्रत की शक्ति पर आधारित है।

इस फिल्म में अक्षरा सिंह के अलावा अंशुमन सिंह राजपूत, अमित शुक्ला, अयाज खान, प्रेम दुबे, विद्या सिंह, ज्योति मिश्रा, और पल्लवी खोली जैसे मंझे हुए कलाकार शामिल हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News