देश से नक्सलवाद खत्म हो रहा है तो ये अच्छी बात है : डिंपल यादव


नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को नक्सलवाद को लेकर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश से नक्सलवाद खत्म हो रहा है, तो यह अच्छी बात है। लेकिन, इसकी जड़ पर सरकार को ध्यान देना बहुत जरूरी है।

डिंपल यादव ने कहा कि मैं कहना चाहती हूं कि लोगों को जिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, उनको सरकार दूर करे। उन्होंने कहा कि जब चंदौली और सोनभद्र के इलाके में नक्सलवाद था तो नेताजी ने लोगों को जमीनें दीं, वहां के लोगों को संपन्न बनाया और शिक्षा दी। तब जाकर उत्तर प्रदेश में नक्सलवाद वास्तव में खत्म हो पाया था। इस तरह की सुविधाएं वहां के लोगों को देनी पड़ेंगी।

बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में देश को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त करने के प्रयासों पर चल रही चर्चा के दौरान सदन को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा कि सबसे पहले मैं रेड कॉरिडोर के नाम से पहचाने जाने वाले पूरे क्षेत्र, जिसमें 12 राज्य और 70 प्रतिशत का भूभाग शामिल थे, उसमें रह रही जनसंख्या की तरफ से सदन को धन्यवाद देना चाहता हूं।

गृह मंत्री ने कहा कि आज बस्तर से नक्सलवाद लगभग-लगभग समाप्त हो चुका है। बस्तर के अंदर हर गांव में स्कूल बनाने की मुहिम चली। बस्तर के अंदर हर गांव में राशन की दुकान खोलने की मुहिम चली। मैं इतना ही पूछना चाहता हूं कि जो लोग कह रहे हैं कि अब तक आदिवासियों का विकास क्यों नहीं हुआ? तो, वो खुद बताएं कि 70 सालों से उन्होंने क्या किया?

अमित शाह ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि 75 साल में 60 साल तो शासन आपने किया, आदिवासी अभी तक विकास से क्यों वंचित रहे? आदिवासियों का विकास तो अब नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 60 साल आपने (कांग्रेस) उन्हें घर नहीं दिया, पानी नहीं दिया, स्कूल नहीं बना, बैंक की फैसिलिटी नहीं पहुंचने दिया, इसलिए पहले थोड़ा अपनी गिरेबां में झांककर देखो कि दोषी कौन है?

–आईएएनएस

एसडी/एबीएम


Related Articles

Latest News