मलयालम फिल्म 'पल्लीचट्टंबी' को लेकर बढ़ी उत्सुकता, एल्धो मैथ्यू के किरदार से उठा पर्दा


नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। मलयालम सिनेमा की चर्चित फिल्म ‘पल्लीचट्टंबी’ इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। निर्देशक डिजो जोस एंटनी की इस फिल्म में टोविनो थॉमस मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, और यह फिल्म अपने अनोखे विषय और स्टार कास्ट की वजह से लगातार चर्चा में बनी हुई है। अब इस फिल्म को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

दरअसल, मेकर्स ने अभिनेता एल्धो मैथ्यू का फर्स्ट लुक जारी किया है। इस फिल्म में वह रत्नाकरण नाम के शख्स के किरदार में नजर आएंगे। पोस्टर में उनका लुक काफी मजबूत और रहस्यमयी दिखाई दे रहा है, जिससे साफ है कि उनका किरदार कहानी में अहम भूमिका निभाने वाला है। मेकर्स ने इस पोस्टर को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया है।

यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म के अन्य किरदारों की बात करें तो इससे पहले मेकर्स खुलासा कर चुके हैं कि मिधुन वेणुगोपाल दावी नाम के किरदार में नजर आएंगे। धीरे-धीरे फिल्म के सभी अहम किरदारों का खुलासा किया जा रहा है, जिससे दर्शकों की दिलचस्पी लगातार बनी हुई है।

हाल ही में रिलीज हुए टीजर से अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म की कहानी आजादी के बाद के समय की है। इसमें एक ऐसे व्यक्ति की कहानी दिखाई जाएगी, जो उस दौर में अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़ा होता है। साथ ही फिल्म में उस समय के समाज में फैली अंधविश्वास और रहस्यमयी मान्यताओं की झलक भी देखने को मिलेगी।

इस फिल्म को वर्ल्ड वाइड फिल्म्स और सी क्यूब ब्रोस एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले बनाया जा रहा है। इसमें टोविनो थॉमस एक बिल्कुल नए अंदाज में नजर आएंगे। फिल्म में उनके अलावा, सुधीर करमना, बाबूराज, विनोद केदमंगलम और प्रशांत अलेक्जेंडर जैसे कई अनुभवी कलाकार भी नजर आएंगे। यह फिल्म पांच भाषाओं में रिलीज की जाएगी।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News