आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस की जीत में चमके शार्दुल ठाकुर, जीता 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब


मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) ने अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया है। रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन की धमाकेदार पारियों की बदौलत एमआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया। रनों की बारिश के बीच एमआई की जीत में शार्दुल ठाकुर ने अपनी गेंदबाजी से अहम भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता।

मैच के बाद शार्दुल ठाकुर ने कहा, “छठा ओवर डालना एक चुनौती थी। मुझे चुनौतियां पसंद हैं। आज का प्रदर्शन भी कुछ ऐसा ही था। इस मैदान ने मुझे कड़वी और मीठी, दोनों तरह की यादें दी हैं। मुंबई के लिए खेलना अपने आप में बहुत खास है। 2010 में मैं एक नेट बॉलर था। आखिरकार वह दिन आ ही गया, जब मैं अपनी घरेलू टीम, मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहा हूं। अगर मैं यहीं बना रहता हूं, तो मुझे सचमुच बहुत खुशी होगी। मैनेजमेंट से मुझे जितना समर्थन मिला है, वह वाकई कमाल का है।”

शार्दुल ठाकुर ने 4 ओवर में 39 रन देकर फिन एलन, अजिंक्य रहाणे और कैमरुन ग्रीन के तीन अहम विकेट लिए।

मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले शार्दुल 2015 से आईपीएल खेल रहे हैं, लेकिन पहली बार उन्हें एमआई के लिए खेलने का मौका मिला और पहले ही मैच में उन्होंने अपनी टीम को जीत दिला दी। 2012 के बाद से एमआई ने पहली बार किसी सीजन का पहला मुकाबला जीता है।

मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 4 विकेट पर 220 रन बनाए थे। कप्तान रहाणे ने सबसे ज्यादा 67 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा, अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। फिन एलेन ने 17 गेंदों पर 37, रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर नाबाद 33 रन की पारी खेली। कैमरुन ग्रीन ने 10 गेंदों पर 18 रन बनाए।

मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में 4 विकेट पर 224 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। एमआई के लिए रोहित शर्मा ने 38 गेंदों पर 6 चौके और 6 छक्के की मदद से 78 रन की पारी खेली। इस दौरान रोहित ने 23 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। आईपीएल में उनका यह सबसे तेज अर्धशतक है। रिकल्टन ने भी 43 गेंदों पर 8 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 81 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में पहले विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी की।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News