बीजिंग, 29 मार्च (आईएएनएस)। ‘अमेरिकी सीईओ चीन को लेकर बहुत उत्साहित हैं।’ चीनी समाचार एजेंसी सिन्हुआ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में यूएस-चाइना बिजनेस काउंसिल के अध्यक्ष सीन स्टीन ने यह बात कही।
उन्होंने हाल ही में चीन की राजधानी पेइचिंग में आयोजित चीन विकास मंच के 2026 वार्षिक सम्मेलन में भाग लिया था। इंटरव्यू के दौरान, उन्होंने अमेरिकी व्यापार समुदाय के चीनी बाजार पर केंद्रित ध्यान को स्पष्ट रूप से बताया।
“अगर आप 10 साल पीछे देखें, तो सब कुछ ‘चीनी बाजार’ के इर्द-गिर्द घूमता था। उस समय, बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने चीन को इसलिए चुना क्योंकि यहां एक अरब से अधिक उपभोक्ता थे।”
सीन स्टीन के विचार में, अब स्थिति पूरी तरह से अलग है, ‘चीनी प्लेटफार्मों’ पर अधिक जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी बाजार महत्वपूर्ण बना हुआ है, लेकिन अमेरिकी कंपनियां अब संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती बढ़ाने या वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त हासिल करने के लिए चीनी प्रौद्योगिकी और भागीदारों का लाभ उठाने पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रही हैं।
सीन स्टीन का मानना है कि ‘विश्व कारखाने’ से लेकर ‘वैश्विक नवाचार प्रयोगशाला’ तक, चीन की बदलती भूमिका बहुराष्ट्रीय निगमों के लिए अधिक अवसर लाएगी। अधिक से अधिक अमेरिकी कंपनियां चीनी नवाचार का अध्ययन कर रही हैं और न केवल चीन में, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखलाओं में सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर विचार कर रही हैं।
चीन-अमेरिका के आर्थिक और व्यापारिक सहयोग पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान केंद्रित है। अमेरिकी व्यापार जगत की अपेक्षाओं के बारे में बात करते हुए, सीन स्टीन ने कहा कि सहयोग को मजबूत करके ही अमेरिका और चीन उभय जीत प्राप्त कर सकते हैं। उनके विचार में अमेरिका और चीन को बेहतर और अधिक प्रभावी संचार की आवश्यकता है। विश्व के सबसे बड़ी दो अर्थव्यवस्थाओं के रूप में, अमेरिका और चीन किस तरह से सभी लोगों को लाभ पहुंचाने वाला सहयोग कर सकते हैं? हर कोई इसी का बेसब्री से इंतजार कर रहा था।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
