नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हराया। आरसीबी की ओर से विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने अर्धशतक लगाए। भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कोहली की जमकर तारीफ की है। आकाश का कहना है कि विराट अपनी ईगो को अलग रखते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
आकाश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा, “कोहली की सबसे बड़ी ताकत है अपनी ईगो को किनारे रखना। अगर देवदत्त पडिक्कल जबरदस्त खेल रहे हैं, तो वह खुशी-खुशी एंकर की भूमिका में खेलने को तैयार रहते हैं। उन्होंने रजत के साथ भी ऐसा ही किया। वह कभी भी बड़ी पिक्चर से अपनी नजरें नहीं हटाते, जो कि टीम का मैच जीतना है। कोहली एक चैंपियन प्लेयर हैं।”
दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली पावरप्ले में काफी तेजी से रन बटोर रहे थे। हालांकि, जब कोहली ने देखा कि देवदत्त पडिक्कल ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं, तो वह एंकर की भूमिका निभाते हुए नजर आए। कोहली ने पडिक्कल को खुलकर खेलने का मौका दिया। पडिक्कल ने 234 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए महज 26 गेंदों में 61 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी में पडिक्कल ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, कोहली रजत पाटीदार के साथ भी इसी अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए। कोहली से मिले समर्थन के चलते रजत ने मात्र 12 गेंदों में 258 के स्ट्राइक रेट से 31 रन बनाए। आरसीबी ने एसआरएच से मिले 202 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल किया।
इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद ने कप्तान ईशान किशन की 38 गेंदों में खेली गई 80 रनों की दमदार पारी के बूते 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 201 रन लगाए। ईशान के अलावा एसआरएच की तरफ से अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने तीन-तीन विकेट निकाले।
–आईएएनएस
एसएम/एएस
