एक्ट्रेस अनीत पड्डा की बहन रीत ने धुरंधर 2 को प्रोपेगैंडा फिल्म बताया और एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा की ऑस्कर सेरेमनी के दौरान युद्ध मुद्दे पर चुप्पी की आलोचना की। दरअसल, इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने रीत के पहले के पोस्ट और राजनीतिक मुद्दों पर उनके रुख पर सवाल किया गया था। जिसके बाद रीत ने जवाब देते हुए लिखा कि वह आमतौर पर सोशल मीडिया पर बहस में शामिल नहीं होतीं, लेकिन इस बार उन्होंने हर मुद्दे पर अपनी बात रखने का फैसला किया।
रीत ने कहा कि धुरंधर 2 सरकार के पक्ष में एक नैरेटिव दिखाती है और इसमें राजनीतिक भाषणों के जरिए नोटबंदी जैसे फैसलों को सही ठहराने की कोशिश की गई है।
उन्होंने द कश्मीर फाइल्स और द केरल स्टोरी पर भी सवाल उठाए। रीत के मुताबिक इन फिल्मों में दिखाए गए आंकड़े बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए गए हैं, जो एक समुदाय के खिलाफ नैरेटिव बनाने का काम करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब ’95 जैसी फिल्में, जो अलग राजनीतिक दृष्टिकोण दिखाती हैं, उन्हें रिलीज में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
रीत ने प्रियंका चोपड़ा के ऑस्कर में व्यवहार पर भी कमेंट किया। उन्होंने कहा कि प्रियंका के पास एक मौके पर युद्ध के खिलाफ खड़े होने का अवसर था, लेकिन उन्होंने कोई रिएक्शन नहीं दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी बहन को ऐसा मौका मिलता है, तो वह उम्मीद करती हैं कि वह अपनी बात रखेंगी।
रीत ने कहा कि वह चाहती हैं कि पब्लिक फिगर्स सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखें। उनका कहना है कि उनका विरोध किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि उन सोच से है जो राजनीति में धर्म को लाकर हिंसा को बढ़ावा देती हैं।
