बांग्लादेश ने IPL 2026 के प्रसारण को लेकर अपने रुख में बड़ा बदलाव किया है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि अब देश में IPL के मैचों के प्रसारण की अनुमति दी जा सकती है। दरअसल, इससे पहले प्रोफेसर यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लादेश सरकार ने IPL के प्रसारण पर रोक लगा दी थी। यह फैसला तब लिया गया था जब तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL टीम से बाहर किए जाने को लेकर विवाद हुआ था, जिससे देश में नाराजगी बढ़ गई थी।
सरकार करेगी समीक्षा
बांग्लादेश के नए सूचना एवं प्रसारण मंत्री जाहिर उद्दीन स्वपन ने कहा कि उनके देश (बांग्लादेश) में IPL के प्रसारण पर कोई रोक नहीं है। इससे पहले, युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने क्रिकबज से बातचीत मे कहा था कि पिछली अंतरिम सरकार द्वारा IPL के प्रसारण पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद वे इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे।
हम खेल में राजनीति को नहीं मिलाना चाहते
डॉयचे वेले ने स्वपन के हवाले से कहा, IPL का प्रसारण करने के लिए किसी ने भी हमसे संपर्क नहीं किया। हम खेल में राजनीति को नहीं मिलाना चाहते। हम इसे व्यावसायिक नजरिए से देखेंगे, और अगर कोई चैनल IPL का प्रसारण करने के लिए आवेदन करता है, तो हम उस पर पॉजिटिव रूप से विचार करेंगे।
