बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी: भारतीय सरजमीं पर 5 टेस्ट मुकाबले खेलेगा ऑस्ट्रेलिया, जानें पूरा शेड्यूल


नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को 2026-27 सीजन के लिए भारतीय सीनियर पुरुष टीम के घरेलू शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। भारत-ऑस्ट्रेलिया की टीमें अगले साल 21 जनवरी से 3 मार्च के बीच पांच टेस्ट मुकाबलों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलेगी।

इस बार प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत का दौरा करेगी। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

भारत-ऑस्ट्रेलिया की टीमें 21-25 जनवरी के बीच नागपुर में सीरीज का पहला मैच खेलेंगी। इसके बाद 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच दोनों देश चेन्नई में दूसरा टेस्ट खेलेंगे।

गुवाहाटी का बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम 11-15 फरवरी के बीच पहली बार बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के मैच की मेजबानी करेगा। यह सीरीज का तीसरा मैच होगा। चौथा मुकाबला 19-23 फरवरी के बीच रांची में आयोजित होगा। सीरीज का अंतिम मुकाबला अहमदाबाद की मेजबानी में 27 फरवरी से 3 मार्च के बीच आयोजित होगा।

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027 का शेड्यूल:

21-25 जनवरी: पहला टेस्ट (नागपुर)

29 जनवरी-2 फरवरी: दूसरा टेस्ट (चेन्नई)

11-15 फरवरी: तीसरा टेस्ट (गुवाहाटी)

19-23 फरवरी: चौथा टेस्ट (रांची)

27 फरवरी-3 मार्च: पांचवां टेस्ट (अहमदाबाद)

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत 1996-97 के सीजन में हुई थी। इस सीरीज का नाम भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एलन बॉर्डर के सम्मान में रखा गया है। भारत ने अब तक 10 सीरीज अपने नाम की है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 5 बार खिताब पर कब्जा किया है। एक बार सीरीज 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हुई है। दोनों देशों के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत कुल 61 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 23 मुकाबले जीते। 25 मैच भारत के नाम रहे हैं।

सचिन तेंदुलकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में सर्वाधिक 3,262 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 34 टेस्ट की 65 पारियों में 9 शतक और 16 अर्धशतक जमाए हैं। रिकी पोंटिंग (2,555), वीवीएस लक्ष्मण (2,434), स्टीव स्मिथ (2,201) और विराट कोहली (2,169) टॉप-5 खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News