सोल, 24 मार्च (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच दक्षिण कोरिया ने व्हीकल रोटेशन सिस्टम (वाहन रोटेशन प्रणाली) को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। जलवायु मंत्रालय ने बताया कि भविष्य में तेल आपूर्ति की दिक्कत न हो इसलिए ये तरीका निकाला गया है।
योनहाप न्यूज एजेंसी ने ‘मिनिस्ट्री ऑफ क्लाइमेट, एनर्जी एंड एनवायरनमेंट’ के हवाले से बताया कि बुधवार से सरकार पब्लिक सेक्टर के लाइसेंस प्लेट-बेस्ड राशनिंग सिस्टम की निगरानी बढ़ाएगी। इसके तहत कारों को उनके लाइसेंस प्लेट नंबर के आखिरी डिजिट के आधार पर पांच ग्रुप में बांटा जाता है और हर ग्रुप को एक तय वीकडे पर गाड़ी चलाने की मनाही होती है।
यह सिस्टम तो है लेकिन ढीला-ढाला चल रहा है। इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन गाड़ियों को ऐसी पाबंदियों से छूट दी गई है।
मंत्रालय सार्वजनिक क्षेत्र द्वारा सिस्टम को लागू करने पर एक विस्तृत दिशा निर्देश जारी करेगी और नियमों का पालन न करने वाली पब्लिक संस्थाओं पर जुर्माना भी लगाएगी।
मंत्रालय के मुताबिक, करीब 1.5 मिलियन गाड़ियों पर ये सख्त नियम लागू होंगे, और इस कदम से देश को हर दिन करीब 3,000 बैरल कच्चा तेल बचाने में मदद मिलने की उम्मीद है। दक्षिण कोरिया में कच्चे तेल की रोजाना की खपत करीब 2.8 मिलियन बैरल है, जिसमें से करीब आधी मात्रा परिवहन में इस्तेमाल होती है।
क्रूड ऑयल सप्लाई को लेकर बढ़ती अनिश्चितताओं के बीच सरकार प्राइवेट सेक्टर को अपनी मर्जी से इस प्रोग्राम में हिस्सा लेने की सलाह देगी, और अगर तेल आपूर्ति के लिए लेवल 3 नेशनल रिसोर्स क्राइसिस अलर्ट जारी होता है, तो प्राइवेट सेक्टर के लिए भी इस सिस्टम को जरूरी बनाने पर विचार करेगी।
मंत्रालय ने कहा कि उसने ऐसा सिस्टम अपनाने का फैसला इसलिए किया क्योंकि सरकार ने पिछले हफ्ते दक्षिण कोरिया के चार-टियर नेशनल रिसोर्स सिक्योरिटी क्राइसिस वॉर्निंग सिस्टम (राष्ट्रीय संसाधन सुरक्षा संकट चेतावनी प्रणाली) में क्रूड ऑयल सप्लाई में संभावित रुकावट को लेकर अलर्ट का पायदान बढ़ाकर लेवल 2 कर दिया था।
यह तेल खपत के मामले में शीर्ष 50 कंपनियों से एनर्जी बचाने के प्लान बनाने और ऊर्जा खपत में कमी के लक्ष्य को पूरा करने वालों को इंसेंटिव देने के लिए भी कहेगी।
इसके अलावा, सरकार कोयले से बिजली बनाने पर लगी रोक में ढील देगी और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) की खपत कम करने की कोशिशों के तहत पांच न्यूक्लियर रिएक्टरों को जल्दी से चालू करने पर जोर देगी।
साउथ कोरिया ने पिछली बार 1991 में खाड़ी युद्ध से शुरू हुए तेल आपूर्ति संकट से निपटने के लिए निजी क्षेत्र के लिए एक जरूरी व्हीकल रोटेशन सिस्टम लागू किया था।
–आईएएनएस
केआर/
