आईएफएल 2025-26: चनमारी के खिलाफ जीत की पटरी पर वापस लौटना चाहेगी आइजोल एफसी


आइजोल, 24 ​​मार्च (आईएएनएस)। फुटबॉल की इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में मंगलवार को राजीव गांधी स्टेडियम में होने वाले आइजोल डर्बी में लोकल राइवल आइजोल एफसी और चनमारी एफसी आमने-सामने होंगे। पिछले मुकाबले में मिली हार के बाद दोनों ही टीमें इस मैच को जीतकर वापसी करना चाहेंगी।

आइजोल एफसी को आखिरी मुकाबले में डायमंड हार्बर एफसी के खिलाफ 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में इस मुकाबले में टीम की निगाहें जोरदार वापसी करने पर होंगी। हेड कोच आर. लालरुआतफेला के अंडर पीपल्स क्लब ने अपने पिछले मैच के पहले हाफ में मजबूती से डिफेंस किया था, हालांकि दूसरे हाफ में डिफेंस में हुई चूक की वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

कोच लालरुआतफेला ने डायमंड हार्बर के खिलाफ मिली हार के लिए खुद अपने कुछ फैसलों को भी जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि सिर्फ खिलाड़ियों की गलतियों की वजह से नहीं, बल्कि उनके कुछ गलत फैसले भी टीम के खिलाफ गए थे। उन्होंने कहा कि इस स्तर पर ऐसी गलतियां नहीं होनी चाहिए। मैच के दौरान बेहतर तालमेल की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “मैच का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। कभी आपके पास बॉल होती है, कभी नहीं। और जब हम विरोधियों का सामना करते हैं, तो गेम मैनेजमेंट टीम को ही करना चाहिए। अनुभव बहुत जरूरी है।”

अभी पांच प्वाइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद आइजोल पिछले कुछ मुकाबलों में संघर्ष करती दिखाई दी है। लालरुअतफेला ने कहा, “सीजन की शुरुआत में हम बहुत अच्छा कर रहे थे। पिछले मैचों में छह प्वाइंट्स में से हमें सिर्फ एक प्वाइंट मिला। यह अच्छी बात नहीं है और मैं नतीजे से खुश नहीं हूं। मेरे लिए जब हम सीनियर फुटबॉल में होते हैं, तो नतीजा सबसे जरूरी होता है। हम कैसे भी खेलें, खेलने का स्टाइल कैसा भी हो, आखिर में जीतना सबसे जरूरी होता है।”

आइजोल टीम के स्टार खिलाड़ी एरिक रेम्पुइया ने टीम की मजबूत तैयारी और एकजुटता पर जोर देते हुए कहा, “हम मैदान के बाहर और मैदान पर दिन-ब-दिन बेहतर होते जा रहे हैं। कोचिंग स्टाफ से लेकर सभी खिलाड़ियों तक हम ये तीन प्वाइंट जीतने के लिए मैदान के बाहर और मैदान पर 100 प्रतिशत से ज्यादा तैयारी कर रहे हैं ताकि हम टेबल में आगे बढ़कर टॉप पर जा सकें।”

आइजोल के सामने चनमारी एफसी की चुनौती होगी, जो अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी। चनमारी को पिछले मैच में शिलांग लाजोंग एफसी के खिलाफ 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में टीम जीत की पटरी पर वापस लौटना चाहेगी। हेड कोच विक्टर लालबियाकमाविया की अगुवाई में चनमारी ने अब तक टूर्नामेंट में आक्रामक खेल दिखाया है।

अभी दोनों ही टीमों के 5-5 प्वाइंट हैं और आइजोल-चनमारी की टीम जानती है कि जीत का उनके कैंपेन पर क्या असर पड़ेगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम प्वाइंट्स टेबल में कुछ समय के लिए दूसरे नंबर पर पहुंच जाएगी। आइजोल अपने डिफेंस से इस मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। वहीं, चनमारी अपने आक्रामक खेल के दम पर जीत दर्ज करना चाहेगी। ऐसे में फुटबॉल प्रशंसकों को एक कड़े और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।

–आईएएनएस

एसएम/वीसी


Related Articles

Latest News