बिहार बोर्ड 12वीं में साइंस स्ट्रीम से अनामिका कुमारी ने हासिल की तीसरी रैंक, यूपीएससी की तैयारी लक्ष्य


बेगूसराय, 23 मार्च (आईएएनएस)। बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड (बीएसईबी) ने सोमवार को 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल परीक्षा में कुल 85.19% छात्र उत्तीर्ण हुए। वहीं, सभी स्ट्रीम से टॉप फाइव में कुल 26 छात्रों ने अपनी जगह बनाई, जिनमें 19 लड़कियां शामिल हैं।

बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों में एक नाम अनामिका कुमारी का है, जो बेगूसराय के मतिहानी स्थित केएल हाई स्कूल की छात्रा हैं। अनामिका ने बीएसईबी 12वीं की परीक्षा में साइंस स्ट्रीम से 478 अंक (95.60%) प्राप्त कर राज्य भर में तीसरा स्थान हासिल किया है।

अनामिका ने अपने शानदार प्रदर्शन को लेकर आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “इस मुकाम तक पहुंचने के लिए मैंने बहुत मेहनत और खूब पढ़ाई की है, और इसे हासिल करके मुझे बेहद खुशी हो रही है।”

उन्होंने बताया कि मतिहानी से बेगूसराय की दूरी की वजह से आना-जाना काफी मुश्किल था, लगभग छह महीने यूट्यूब के माध्यम से पढ़ाई की।

अनामिका मूल रूप से लखीसराय के रामचंद्रपुर की रहने वाली हैं। उन्होंने इससे पहले मैट्रिक परीक्षा में छठा स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, भाई-बहन, दोस्त और सभी शिक्षकों को दिया। ऑफलाइन और ऑनलाइन पढ़ाई के संयोजन से अब उनका लक्ष्य भविष्य में आईआईटी-जेईई और यूपीएससी की तैयारी करना है।

अनामिका कुमारी के चाचा कहते हैं, “परिवार में बेटी की इस रैंक से अपार खुशी का माहौल है। रामचंद्रपुर से लेकर यहां तक, हर तरफ खुशी का माहौल है। अनामिका ने मैट्रिक परीक्षा में छठा स्थान प्राप्त किया था और अब पूरे बिहार में तीसरा स्थान हासिल किया है। यह बहुत अच्छा लगता है और हमें गर्व से भर देता है।”

बता दें, बिहार बोर्ड 12वीं की परीक्षा में साइंस स्ट्रीम से समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक हासिल करके राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, कॉमर्स स्ट्रीम से अदिति कुमारी ने 480 अंक और आर्ट्स स्ट्रीम में गयाजी की निशु कुमारी ने 479 अंकों के साथ राज्यभर में पहला रैंक हासिल किया है।

–आईएएनएस

डीके/एबीएम


Related Articles

Latest News