मुंबई, 23 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा में समय-समय पर ऐसी फिल्में आती हैं, जो न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफल होती हैं, बल्कि फिल्ममेकिंग के तरीके को भी एक नई दिशा देती हैं। हाल के समय में रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ऐसी ही एक फिल्म है, जिसने दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के बड़े नामों को भी प्रभावित किया है।
अब तेलुगु सुपरस्टार नागार्जुन ने भी इस फिल्म की खुलकर तारीफ की और इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया है।
नागार्जुन ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने फिल्म को लेकर अपने अनुभव को विस्तार से बताया। उन्होंने लिखा, “मैंने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ देखी और इस फिल्म को देख मैं हैरान रह गया। यह एक ऐसी फिल्म है जो देखने के बाद लंबे समय तक दिमाग में रहती है और बार-बार याद आती है। यह सिर्फ एक एंटरटेनमेंट फिल्म नहीं है, बल्कि यह फिल्ममेकिंग के तरीके को बदलने वाली फिल्मों में से एक है।”
नागार्जुन ने अपने पोस्ट में फिल्म के निर्देशक आदित्य धर की खास तौर पर तारीफ की। उन्होंने लिखा, ”निर्देशक ने जिस तरह से कहानी को पेश किया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। फिल्म की पूरी टेक्निकल टीम ने हर पहलू को बेहद शानदार तरीके से तैयार किया है।”
उन्होंने अपने पोस्ट में फिल्म के कलाकारों की भी प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, ”फिल्म के सभी एक्टर्स ने बेहतरीन काम किया है और हर किरदार अपनी जगह पर मजबूत नजर आता है। अन्नपूर्णा स्टूडियोज ने इस फिल्म के लिए डॉल्बी सिनेमा प्रोसेसिंग और साउथ इंडियन भाषाओं में लोकलाइजेशन का काम किया है। यह टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।”
अगर फिल्म की बात करें तो ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इस समय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को देशभर में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और कई जगहों पर इसके शो हाउसफुल जा रहे हैं। इसके डब वर्जन भी दर्शकों को खूब पसंद आ रहे हैं।
फिल्म को लेकर इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। आयुष्मान खुराना और अनुपम खेर जैसे सितारों ने इसके स्केल और परफॉर्मेंस की तारीफ की है। वहीं, राम गोपाल वर्मा ने इसे पारंपरिक फिल्ममेकिंग के लिए एक बड़ा बदलाव बताया है।
–आईएएनएस
डीकेपी/
