अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदली मोदीनगर स्टेशन की तस्वीर, लिफ्ट-वेटिंग रूम समेत कई सुविधाएं शुरू होने से यात्री खुश


गाजियाबाद, 22 मार्च (आईएएनएस)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश के मोदीनगर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कर दिया गया है। अब यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस हो चुका है और यात्रियों को पहले से कहीं ज्यादा बेहतर और आरामदायक सफर का अनुभव दे रहा है।

रेलवे की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत देशभर में 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गाजियाबाद के मोदीनगर रेलवे स्टेशन को भी नया रूप दिया गया है।

स्टेशन पर अब आधुनिक भवन, विशाल सर्कुलेटिंग एरिया, आरामदायक वेटिंग रूम और नया फुट ओवरब्रिज तैयार किया गया है। इसके साथ ही टिकट काउंटर को व्यवस्थित किया गया है, ताकि यात्रियों को टिकट लेने में कोई परेशानी न हो। स्वच्छ शौचालय और बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे यात्रियों को साफ-सुथरा माहौल मिल सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले स्टेशन पर बैठने और बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। नए बदलावों से यात्रियों को काफी राहत मिल रही है और स्टेशन का अनुभव भी बेहतर हुआ है।

यात्रियों ने भी इस बदलाव की सराहना की है। कृष नाम के एक यात्री ने आईएएनएस से कहा, “मोदीनगर स्टेशन की सुविधाएं पहले से काफी बेहतर हो गई हैं। आज के समय में यहां बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिला है और हर चीज की व्यवस्था की गई है।”

अमित नाम के एक अन्य यात्री ने कहा, “अब स्टेशन पर लिफ्ट लग गई है। कई ट्रेनें जो पहले यहां नहीं रुकती थीं, वे अब रुकेंगी। टिकट घर नया बन गया है और पहले के मुकाबले काफी ज्यादा सफाई है। साथ ही वेटिंग रूम की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।”

एक अन्य यात्री महात्मा बेनी दास ने कहा, “पहले यह छोटा प्लेटफॉर्म था, लेकिन अब यह बहुत सुंदर स्टेशन बन गया है। यहां साफ-सफाई का भी खास ध्यान रखा गया है।”

–आईएएनएस

वीकेयू/वीसी


Related Articles

Latest News