न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 के लिए बदला कप्तान, 103 मैच खेल चुका ऑलराउंडर पहली बार करेगा कप्तानी


नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज में न्यूजीलैंड 2-1 से आगे चल रही है। रविवार को सीरीज का चौथा मुकाबला वेलिंगटन में खेला जाना है। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की कप्तानी जिमी नीशम करते हुए नजर आएंगे। इसकी घोषणा न्यूजीलैंड क्रिकेट ने की है।

दरअसल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज के आखिरी दो मैचों में टॉम लैथम को कप्तानी करनी थी, लेकिन बाएं हाथ का बल्लेबाज तीसरे टी20 में चोटिल हो गया और चौथे टी20 से बाहर हो गया। लैथम की गैरमौजूदगी में नीशम को कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, लैथम की जगह टॉम ब्लंडेल को टीम में शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक रिलीज में कहा कि ग्राउंड पर मेडिकल स्टाफ ने मैच के बाद लैथम के अंगूठे की जांच की, और फिर मैच के अगले दिन सुबह उन्हें स्कैन के लिए क्राइस्टचर्च ले जाया गया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी20 में लैथम का खेलना स्कैन के नतीजे आने के बाद तय होगा।

पांचवां टी20 क्राइस्टचर्च में 25 मार्च को खेला जाएगा।

35 साल के नीशम ने 2012 में न्यूजीलैंड के लिए टी20 में डेब्यू किया था। वह अब तक 103 टी20 मैच खेल चुके हैं, लेकिन यह पहला मौका है जब वह कीवी टीम की कप्तानी करेंगे। नीशम टी20 फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के 12वें कप्तान होंगे। बाएं हाथ के बल्लेबाज नीशम निचले क्रम में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। नीशम ने टी20 करियर की 75 पारियों में 20.28 की औसत और 147.46 की स्ट्राइक रेट से 1075 रन बनाए हैं। वहीं दाएं हाथ से मध्यम गति के इस तेज गेंदबाज ने 64 विकेट लिए हैं।

नीशम के पास चौथा टी20 जीतकर न्यूजीलैंड को टी20 सीरीज में जीत दिलाने का मौका है। सीरीज का पहला मुकाबला हारने वाली न्यूजीलैंड ने दूसरा और तीसरा मैच जीतकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News