मुंबई, 21 मार्च (आईएएनएस)। मध्य-पूर्व में हो रही जंग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच शिवसेना के प्रवक्ता संजय निरुपम ने शनिवार को कांग्रेस पर देश में गैस सप्लाई को लेकर अफवाह फैलाने का गंभीर आरोप लगाया।
संजय निरुपम ने कहा, “जब से मध्य एशिया में युद्ध शुरू हुआ है, ईरान और इजरायल के बीच मिसाइल अटैक हो रहे हैं। ईरान की तरफ से खाड़ी देशों पर जिस प्रकार से हमला किया जा रहा है, उसे देखते हुए निश्चित तौर पर गैस और तेल की सप्लाई पर इसका प्रभाव पड़ेगा, लेकिन कांग्रेस ने जिस तरीके से युद्ध के वातावरण का डर दिखाते हुए जो पैनिक क्रिएट किया, वह बहुत ही खतरनाक और षड्यंत्रकारी है।”
उन्होंने कहा, “हमारे देश के सभी नागरिकों को अपने देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ताकत पर भरोसा रखना चाहिए। वह ऐसे समय में दुनिया के सभी देशों के प्रमुखों के सीधे संपर्क में रहते हैं। उनकी अपनी ताकत का फायदा यह होगा कि वह ऐसे वातावरण के हालात में कभी भी अपने लोगों को अकेले नहीं छोड़ेंगे और उनके साथ हमेशा खड़े रहेंगे।”
संजय निरुपम ने कहा, “जब कहा गया कि एलपीजी की कमी हो जाएगी और लोगों ने पैनिक बुकिंग शुरू कर दी थी, लेकिन सच यह है कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है। घरेलू गैस का पूरा उत्पाद और सप्लाई है। जिसको इसकी जरूरत है, उनको यह मिल रहा है। सरकार के प्रयत्नों का नतीजा है कि अब पैनिक बुकिंग नहीं हो रही है। देश के नागरिकों को उनकी जरूरत के हिसाब से घरेलू गैस की सप्लाई मिल रही है।”
उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर 2’ की रिलीज को लेकर कहा, “यह बहुत ही अच्छी फिल्म है। इस फिल्म की कहानी, पटकथा और प्रस्तुति सब कुछ अव्वल दर्जे का है। हालांकि, पाकिस्तान-परस्त लोग बार-बार इसे एक प्रोपेगेंडा फिल्म बताने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने वाले लोग नोटबंदी का जिक्र कर रहे हैं, लेकिन फिल्म में नोटबंदी का जिक्र दो या तीन बार हुआ है, लेकिन विरोध करने वाले लोग फिल्म में दिखाए गए गैंगस्टर अतीक अहमद के रोल पर ऐतराज जता रहे हैं।”
शिवसेना प्रवक्ता ने कहा, “यह सच है कि अतीक अहमद उत्तर प्रदेश का बहुत बड़ा माफिया था। वह दाऊद इब्राहिम का बहुत बड़ा गुर्गा था। वह कई तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। अतीक अहमद को जिस तरीके से मारा गया है, उसको दिखाने पर भी लोगों को ऐतराज हो रहा है, जबकि वह तो वास्तविक घटना थी। ऐसी वास्तविक घटनाओं पर आधारित फिल्मों को बनाना चाहिए और दिखाना चाहिए, ताकि आगे आने वाली जनरेशन को सच और झूठ का पता चल सके।”
–आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
