प्रीमियर लीग : इंजरी की वजह से ब्राइटन के खिलाफ नहीं खेलेंगे मोहम्मद सालाह


लिवरपूल, 20 मार्च (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबॉल क्लब लिवरपूल एफसी के मैनेजर अर्ने स्लॉट ने शुक्रवार को पुष्टि की है कि स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी मोहम्मद सालाह मांसपेशियों में चोट के कारण ब्राइटन एंड होव एल्बियन के खिलाफ आगामी प्रीमियर लीग मैच नहीं खेल पाएंगे।

सालाह को यह चोट लिवरपूल के हाल ही में एनफील्ड में गैलाटासराय के खिलाफ खेले गए यूईएफए चैंपियंस लीग मैच के दौरान लगी थी। इस मिस्र के फॉरवर्ड खिलाड़ी को दूसरे हाफ में मैदान से बाहर बुला लिया गया था, जबकि उन्होंने 4-0 की जीत में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसमें उन्होंने एक गोल और एक असिस्ट किया था।

ब्राइटन के खिलाफ मैच से पहले मोहम्मद सालाह की इंजरी पर जानकारी देते हुए मैनेजर स्लॉट ने बताया कि वह अगले मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। उन्होंने सालाह की इंजरी के समय पर भी बात की और कहा, “लिवरपूल के लिए अच्छी बात यह है कि हम इंटरनेशनल ब्रेक पर जा रहे हैं, लेकिन मिस्र के लिए बुरी खबर यह है कि वह वहां नहीं जा पाएंगे।” हालांकि, लिवरपूल के बॉस को उम्मीद है कि सालाह जल्द ही पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि फॉरवर्ड खिलाड़ी की फिटनेस का स्तर और उनका पेशेवर रवैया उन्हें उम्मीद से पहले मैदान पर लौटने में मदद कर सकता है।

गैलाटासराय के खिलाफ सालाह के प्रदर्शन पर बात करते हुए स्लॉट ने कहा, “उनका पहला हाफ बहुत बुरा नहीं था, पूरी टीम ने अच्छा खेला।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम का मजबूत प्रदर्शन अक्सर व्यक्तिगत खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को सामने लेकर आता है। स्लॉट ने सालाह के अनुभव की भी सराहना की और दबाव वाले पलों में शांत रहने और अच्छा प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता की तारीफ की, जो उन्होंने अपने पूरे करियर में लगातार दिखाई है।

इस सीजन में क्लब के लिए यह चोट के रूप में एक और झटका है, जिससे स्लॉट के सामने यह मुश्किल फैसला आ गया है कि राइट-विंग खिलाड़ी सालाह की जगह कौन लेगा। इस बीच, डिफेंडर जो गोमेज की फिटनेस भी चिंता का विषय बनी हुई है। हालांकि गैलाटासराय के खिलाफ मैच में उन्हें बेंच पर रखा गया था, लेकिन स्लॉट ने संकेत दिया कि उनके मैच में खेलने के लिए पूरी तरह फिट होने की संभावना कम है।

प्रीमियर लीग की अंक तालिका में लिवरपूल पांचवें स्थान पर रहते हुए ब्राइटन के खिलाफ मैच में उतरेगा। लिवरपूल शीर्ष चार में जगह बनाने की कोशिश में है, जिससे यूईएफए लीग 2026-27 में उनकी जगह पक्की हो जाएगी। वह अभी चौथे स्थान पर मौजूद एस्टन विला से दो अंक पीछे हैं और तीसरे स्थान पर काबिज मैनचेस्टर यूनाइटेड से पांच अंक पीछे हैं।

–आईएएनएस

एसएम/एबीएम


Related Articles

Latest News