आईपीएल 2026 में शामिल होने से पहले श्रीलंकाई खिलाड़ियों का होगा फिटनेस टेस्ट : रिपोर्ट


कोलंबो, 20 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन में हिस्सा लेने के लिए अपने खिलाड़ियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने से पहले उनके लिए अनिवार्य फिटनेस टेस्ट का फैसला किया है। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है।

दरअसल, अलग-अलग फ्रेंचाइजी द्वारा चुने गए श्रीलंकाई खिलाड़ी इस समय चोटों से उबर रहे हैं और इसी कारण बोर्ड ने सभी के लिए फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य किया है। ‘क्रिकबज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह टेस्ट अगले हफ्ते की शुरुआत में कोलंबो में होने की उम्मीद है और केवल वही खिलाड़ी आईपीएल में हिस्सा ले पाएंगे, जो जरूरी फिटनेस मानकों को पूरा करेंगे।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से मंजूरी का इंतजार कर रहे प्रमुख खिलाड़ियों में गेंदबाज मथीशा पथिराना (कोलकाता नाइट राइडर्स), अनुभवी स्पिनर वानिंदु हसरंगा (लखनऊ सुपर जायंट्स), बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा (सनराइजर्स हैदराबाद), और नुवान तुषारा (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) शामिल हैं। कुल मिलाकर आगामी सीजन के लिए 7 श्रीलंकाई खिलाड़ियों को चुना गया है। इसमें दुष्मंथा चमीरा और पथुम निसांका (दोनों दिल्ली कैपिटल्स) और कामिंदु मेंडिस (सनराइजर्स हैदराबाद) भी शामिल हैं।

कई आईपीएल फ्रेंचाइजी अधिकारियों ने कहा है कि श्रीलंकाई खिलाड़ियों के तय फिटनेस टेस्ट पूरे होने के बाद ही उन्हें उनके बारे में जानकारी मिलेगी। कई आईपीएल फ्रेंचाइजी के अधिकारियों ने ‘क्रिकबज’ को बताया है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार और मंगलवार को फिटनेस टेस्ट का आयोजन करने का फैसला लिया है। इसके बाद ही खिलाड़ियों के बारे में जानकारी मिल पाएगी।

श्रीलंका के खिलाड़ी पथिराना, हसरंगा, मलिंगा और तुषारा इंजरी की वजह से हाल ही में समाप्त हुए आईसीसी टी20 विश्व कप में पूरी तरह या आंशिक रूप से नहीं खेल पाए थे। हसरंगा 8 फरवरी से ही टीम से बाहर चल रहे हैं। आयरलैंड के खिलाफ मैच के दौरान उनके बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था। वहीं, पथिराना तीन मैच खेलने के बाद चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

मुख्य खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से श्रीलंका की टीम सुपर-8 स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी थी। अपनी ही मेजबानी में टी20 विश्व कप खेलने के बावजूद श्रीलंकाई टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। हालांकि, ग्रुप स्टेज में श्रीलंका ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था और 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराते हुए टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।

–आईएएनएस

एसएम/एबीएम


Related Articles

Latest News