नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया महिला टीम और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार को किंग्सटाउन में टी20 मुकाबला खेला गया। यह मैच अनुभवी एशले गार्डनर के करियर का 100वां मैच था।
गार्डनर ऑस्ट्रेलिया (पुरुष और महिला) की तरफ से 100 या उससे अधिक टी20 खेलने वाली 11वीं खिलाड़ी बन गई हैं। गार्डनर के लिए उनका 100वां टी20 बल्लेबाजी के नजरिए से यादगार नहीं रहा। गार्डनर 2 गेंदों पर 1 रन बनाकर आउट हो गईं।
ऑस्ट्रेलिया (पुरुष और महिला) के लिए सर्वाधिक टी20 खेलने वाले खिलाड़ियों में महिलाओं का दबदबा है। शीर्ष-10 में 6 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा टी20 खेलने के मामले में शीर्ष तीन पर महिला क्रिकेटरों का दबदबा है। एलिस पेरी ने सर्वाधिक 172 मैच खेलकर पहले, हाल ही में संन्यास लेने वाली एलिसा हिली 162 मैच खेलकर दूसरे और मेग लेनिंग 132 मैच खेलकर तीसरे स्थान पर हैं।
ग्लेन मैक्सवेल चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 130 मैच खेले हैं। मेगन स्कट 124 मैच के साथ पांचवें, बेथ मूनी 116 मैच के साथ छठे, एडम जांपा 115 मैच के साथ सातवें, डेविड वॉर्नर 110 मैच के साथ आठवें, जेस जोनासन 105 मैच के साथ नौवें, आरोन फिंच 103 मैच के साथ 10वें और एशले गॉर्डनर 100 मैच के साथ 11वें स्थान पर हैं।
गार्डनर ने 100 मैचों में 1,483 रन बनाए हैं और 81 विकेट लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सर्वाधिक टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड भी महिला क्रिकेटर बेथ मूनी के नाम है। मूनी ने 110 मैचों की 110 पारियों में 2 शतक और 28 अर्धशतक लगाते हुए 3,517 रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ (पुरुष क्रिकेट में) से टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है। 2009 से 2024 के बीच वॉर्नर ने 110 मैचों की 10 पारियों में 1 शतक और 28 अर्धशतक की मदद से 3,277 रन बनाए।
–आईएएनएस
पीएके
