नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की अमर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर देशभर के राजनीतिक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और अन्य कई जनप्रतिनिधियों ने उनके अदम्य साहस, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना, राष्ट्र-स्वाभिमान की अमर प्रतीक रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका अद्वितीय साहस, नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनका जीवन नारी शक्ति और राष्ट्रभक्ति का प्रेरक उदाहरण है।”
रानी अवंतीबाई लोधी की पुण्यतिथि पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने लिखा, “1857 की क्रांति की प्रणेता, महान वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी के बलिदान दिवस पर उन्हें सादर नमन।”
केंद्रीय राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिखा, “1857 की क्रांति में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाली महान वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस पर कोटि-कोटि नमन। उनके अद्वितीय साहस, निडर संघर्ष और असाधारण बलिदान को देश सदैव याद रखेगा।”
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी अवंतीबाई लोधी को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “1857 की क्रांति में मुक्ति आंदोलन की अग्रदूत, महान वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अदम्य साहस और शौर्य की प्रतीक 1857 स्वतंत्रता संग्राम की अमर ‘वीरांगना’ रानी अवंतीबाई लोधी जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
मातृभूमि की रक्षा के लिए उनके अतुलनीय पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का इतिहास सदैव राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान एवं साहस की प्रेरणा देता रहेगा।”
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने पोस्ट किया, “मातृभूमि के स्वाभिमान की प्रतीक, अदम्य साहस और वीरता की प्रेरणा महान स्वतंत्रता सेनानी वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाते हुए रानी अवंतीबाई लोधी जी ने अपने शौर्य, पराक्रम और दृढ़ संकल्प से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी और राष्ट्र के सम्मान के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया।”
उन्होंने आगे लिखा, “रानी अवंतीबाई लोधी की अमर गाथा, त्याग और बलिदान आज भी प्रत्येक देशवासी को राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। ऐसी महान वीरांगना को शत-शत नमन।”
हरियाणा सरकार में खेल मंत्री गौरव गौतम ने रानी अवंतीबाई लोधी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “1857 की क्रांति में जब भारत माता पराधीनता की बेड़ियों में जकड़ी थी, तब रामगढ़ की इस वीर बेटी ने तलवार उठाई और अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी। दुश्मन के हाथ न आएं, इसलिए उन्होंने स्वयं अपने प्राण दे दिए। यही था उनका अटल स्वाभिमान। रानी अवंतीबाई लोधी जी ने सिखाया, मातृभूमि का सम्मान जीवन से भी बड़ा होता है। उनकी शौर्यगाथा आज भी हर भारतीय के हृदय में जीवित है और भावी पीढ़ियों को सदा प्रेरित करती रहेगी।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
