हम गांधी का नाम मिटने नहीं देंगे : राकेश सिन्हा


रांची, 19 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा में ‘वीबी जी राम जी’ एक्ट के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया गया है। कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने विधानसभा में सरकार की ओर से लाए गए प्रस्ताव की सराहना की।

रांची में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि गांधी इस देश की विचारधारा हैं, और गांधी के बिना यह राष्ट्र अधूरा है। अगर कोई गांधी का नाम मिटाने की कोशिश करता है, तो हम ऐसा होने नहीं देंगे। मनरेगा पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, गरीबों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होगा। जनगणना पूरी होने तक परिसीमन रोकने का संकल्प, और विकास के साथ न्याय सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता, जनता के हक, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हमारी लड़ाई निरंतर जारी है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा के सभी सदस्यों और मुख्यमंत्री को यह प्रस्ताव लाने के लिए, मेरी ओर से बधाई। इस प्रस्ताव को लाने के लिए हर कोई सराहना का हकदार है।

फिल्म ‘धुरंधर-2’ के रिलीज पर हो रहे विवाद पर कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि ‘केरल 1’, ‘केरल 2’, ‘धुरंधर 1’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी फिल्में केंद्र सरकार द्वारा बनवाई जा रही हैं। मुझे लगता है कि इस तरह की फिल्मों से सामाजिक ताने-बाने को भंग करने का काम किया जा रहा है, इससे कहीं न कहीं मनोभावना खराब होती है।

झारखंड विधानसभा में ‘वीबी जी राम जी’ एक्ट के खिलाफ प्रस्ताव पारित होने पर झारखंड सरकार में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि वर्ष 2005 में लागू मनरेगा झारखंड के ग्रामीण गरीबों के लिए जीवन रेखा है। इसने रोजगार, गरीबी उन्मूलन, पलायन रोकने और महिला सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रस्तावित अधिनियम, 2025 से रोजगार की कानूनी गारंटी कमजोर होने, राज्यों पर 60:40 वित्तीय बोझ बढ़ने, ग्राम सभाओं की शक्तियां घटने तथा डिजिटल जटिलताओं से श्रमिकों के वंचित होने की आशंका है। इसीलिए मांग रखी गई है कि मनरेगा के ढांचे को यथावत रखा जाए, केंद्र सरकार पूर्ववत वित्तीय जिम्मेदारी निभाए तथा रोजगार के दिनों की संख्या 100 से बढ़ाकर 150 दिन की जाए, ताकि झारखंड के लाखों गरीब परिवारों के हित सुरक्षित रह सकें।

–आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम


Related Articles

Latest News