नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में पुलिस को कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को धर दबोचा है, जो अपराध करने के इरादे से इलाके में घूम रहा था। आरोपी के पास से छीने गए मोबाइल फोन और बाइक बरामद की गई।
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि फतेहपुर बेरी के असोला गांव के रहने वाले युवक अनमोल की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। उसने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह वसंत स्क्वायर मॉल, वसंत कुंज से एक डिलीवरी पार्सल लेकर छतरपुर की ओर जा रहा था, तो फोर्टिस अस्पताल के रेड लाइट के पास उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। उसने अपना मोबाइल फोन अपनी स्कूटी के हैंडल पर लगे स्टैंड पर रखा हुआ था, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल सवार आया, उसे टक्कर मारी, उसके हाथ से जबरदस्ती फोन छीन लिया और फोर्टिस रेड लाइट की ओर भाग गया। इसके बाद जांच शुरू की गई।
छिनैती के मामलों को सुलझाने के लिए ‘एंटी स्नैचिंग सेल’, दक्षिण-पश्चिम जिले की एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी व मैनुअल दोनों तरह की जानकारी जुटाई। टीम ने देर रात के समय भी गश्त बढ़ा दी थी। एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वसंत कुंज साउथ थाना इलाके में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। इसी दौरान, बाइक पर सवार एक आरोपी को पकड़ लिया गया।
आरोपी की पहचान शैंलेद्र के रूप में हुई है, जो शालीमार बाग के वजीरपुर इलाके का रहने वाला है। आरोपी की उम्र लगभग 20 साल है।
तलाशी के दौरान, उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच करने पर बरामद मोबाइल फोन अलग-अलग झपटमारी और चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए। लगातार पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने ये मोबाइल फोन वसंत कुंज साउथ के इलाके से झपटे थे। उसने आगे बताया कि वह चोरी किए गए मोबाइल फोन बेचने व आगे और अपराध करने के इरादे से उस इलाके में घूम रहा था।
–आईएएनएस
डीसीएच/
