आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले 5 बल्लेबाज


नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। वहीं, टॉप-5 बल्लेबाजों की इस लिस्ट में शुभमन गिल और जोस बटलर का भी नाम शामिल है।

विराट कोहली: आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। 2016 में आरसीबी की ओर से खेलते हुए कोहली ने 16 पारियों में 152 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 973 रन बनाए थे। इस सीजन विराट ने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे। कोहली आईपीएल के एक संस्करण में 900 रनों का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं।

शुभमन गिल: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे हैं। गिल ने 2023 में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 17 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 890 रन बनाए थे। इस सीजन गिल ने 3 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे।

जोस बटलर: इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज जोस बटलर का रिकॉर्ड भी आईपीएल में लाजवाब रहा है। साल 2022 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए बटलर ने 17 मुकाबलों में 149 के स्ट्राइक रेट से 863 रन बनाए थे। बटलर ने इस सीजन 4 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे। बटलर के दमदार प्रदर्शन के बूते राजस्थान रॉयल्स फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी।

डेविड वॉर्नर: आईपीएल में डेविड वॉर्नर की गिनती सबसे धाकड़ बल्लेबाजों में की जाती है। वॉर्नर का रिकॉर्ड बतौर बल्लेबाज आईपीएल में शानदार रहा है। साल 2016 वॉर्नर के लिए इस लीग का सबसे बेहतरीन सीजन रहा था। सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए वॉर्नर ने इस सीजन 17 मुकाबलों में 151 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 848 रन बनाए थे। टूर्नामेंट में वॉर्नर ने कुल 9 अर्धशतक लगाए थे।

साई सुदर्शन: आईपीएल 2025 में साई सुदर्शन ने अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए सुदर्शन ने 15 मुकाबलों में 156 के स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए थे। सुदर्शन ने इस सीजन एक शतक और 6 अर्धशतक लगाए थे।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News