दिल्ली पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक हाल के दिनों में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी की निगरानी तथा एसीपी मधु विहार के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। इस टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप और हेड कांस्टेबल शीशपाल को संवेदनशील इलाकों में सघन गश्त की जिम्मेदारी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि मुजफ्फर वह अपने चाचा को छोड़ने के लिए आईएसबीटी आनंद विहार आया था। वह बस अड्डे के निकास द्वार के पास खड़ा होकर अपना मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान एक युवक अचानक उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भागने लगा। इसके बाद मुजफ्फर ने शोर मचा दिया।

मोबाइल चोरी की आवाज सुनते ही पास में ही गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से शिकायतकर्ता का छीना गया मोबाइल फोन बरामद हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन उर्फ बंदर (28) निवासी नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी केवल छठी कक्षा तक पढ़ा है और मजदूरी करता है, लेकिन नशे की लत के कारण वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। वह गांजा, स्मैक और शराब का आदी बताया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 2017 से लगातार अपराधों में सक्रिय रहा है और नॉर्थ-ईस्ट जिला, शाहदरा जिला तथा क्राइम ब्रांच के विभिन्न थानों में दर्ज 39 मामलों में उसकी संलिप्तता रही है। उसके खिलाफ लूट, झपटमारी, चोरी, आर्म्स एक्ट और एक्साइज एक्ट के मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सतर्क गश्त और त्वरित कार्रवाई के कारण ही आरोपी को समय रहते गिरफ्तार किया जा सका।

–आईएएनएस

एसएके/एएस


Related Articles

Latest News