नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज यश दयाल ने पिछले महीने उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक निजी समारोह में कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर से शादी कर ली। यश आईपीएल 2025 में चैंपियन बनी आरसीबी टीम का हिस्सा रहे थे, और उन्होंने 15 मुकाबलों में 13 विकेट निकाले थे।
रविवार को सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी 4 फरवरी को हुई थी और इसमें केवल करीबी परिवार के सदस्य और रिश्तेदार ही शामिल हुए थे। इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर शादी के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, यश की पत्नी श्वेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दयाल के साथ बिताए पलों का एक छोटा सा वीडियो शेयर किया है।
यश दयाल की पत्नी श्वेता पुंडीर दिल्ली की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्लॉगर हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर साढ़े पांच लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उन्होंने इंटरकॉन्टिनेंटल लेजेंड्स लीग के लिए एक ब्रॉडकास्टर के तौर पर भी काम किया है। यश ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक भरोसेमंद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के तौर पर धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई है। यश दयाल ने साल 2022 में आईपीएल में अपना डेब्यू गुजरात टाइटंस की तरफ से किया था।
दो साल गुजरात के लिए खेलने के बाद, 2024 में यश दयाल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम में शामिल हो गए थे। आईपीएल 2025 में यश ने आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया था। यही वजह है कि आरसीबी ने आईपीएल 2026 के लिए भी यश को रिटेन किया था। यश को उनके दमदार प्रदर्शन के चलते बांग्लादेश के खिलाफ हुई घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था। हालांकि, उन्होंने अभी तक अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं किया है।
मैदान के बाहर यश दयाल अपने ऊपर लगे आरोपों से जुड़े कानूनी मामलों में उलझे रहे हैं। इस साल जनवरी में राजस्थान हाई कोर्ट ने उन्हें एक मामले में अग्रिम जमानत दे दी थी, जबकि इससे पहले निचली अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। यह मामला अभी भी कानूनी प्रक्रिया में है। आईपीएल 2026 में यश दयाल की भूमिका आरसीबी के लिहाज से काफी अहम होगी। आरसीबी को टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ना है।
–आईएएनएस
एसएम/एबीएम
