अमेरिका-इजरायल के साथ हमलों के बीच ईरान को शाहेद ड्रोन सप्लाई कर रहा रूस : जेलेंस्की


वॉशिंगटन, 15 मार्च (आईएएनएस)। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी हमलों को लेकर दुनियाभर में चिंता है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की का ईरान की तरफ से जारी हमलों को लेकर नया बयान सामने आया है। जेलेंस्की ने आरोप लगाया है कि रूस ईरान की खुलकर मदद कर रहा है।

अमेरिकी मीडिया सीएनएन के साथ बातचीत के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि रूस ईरान को अमेरिका और इजरायल के खिलाफ हमलों में इस्तेमाल करने के लिए शाहेड ड्रोन सप्लाई कर रहा है।

जेलेंस्की ने आगे बताया कि यह ‘100 फीसदी सच’ है कि ईरान ने अमेरिकी बेस पर हमला करने के लिए रूस में बने शाहेद ड्रोन का इस्तेमाल किया है।

ईरान ने इन हमलों की शुरुआत में शाहेद का इस्तेमाल किया था, जो महंगी मिसाइलों का बहुत सस्ता विकल्प था। सबसे पहले इनका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल रूस के यूक्रेन पर हमले में देखा गया। ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ कई बार फोन पर बात की।

हालिया बातचीत में दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष पर चर्चा की। दूसरी तरफ पुतिन ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से भी फोन पर बात की। जानकारी के अनुसार, इस दौरान व्लादिमीर पुतिन ने संघर्ष को जल्द से जल्द कम करने और राजनीतिक माध्यमों से इसका समाधान करने के पक्ष में रूस के सैद्धांतिक रुख की पुष्टि की। मसूद पेजेश्कियन ने ईरान को मानवीय सहायता प्रदान करने सहित रूस के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध और मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष पर चर्चा हुई। अमेरिका ईरान के खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन जारी रखे हुए है। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच बातचीत को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनकी रूसी समकक्ष पुतिन के साथ बातचीत हुई।

फ्लोरिडा में एक न्यूज कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने रूसी नेता के साथ बातचीत की पुष्टि की और कहा कि दोनों पक्षों ने मिडिल ईस्ट के हालात पर बात करने से पहले यूक्रेन में युद्ध पर चर्चा की।

एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, “हां, राष्ट्रपति पुतिन के साथ मेरी बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमारी तरफ से, उनकी तरफ से बहुत से लोग लाइन पर थे। हम यूक्रेन के बारे में बात कर रहे थे, जो बस एक कभी न खत्म होने वाली लड़ाई है।”

–आईएएनएस

केके/एबीएम


Related Articles

Latest News