दिन में सिर्फ 2 से 3 घंटे नजर आती है फ्रांस की अनोखी सड़क, चंद्रमा से है 'पैसेज डू गोइस' का कनेक्शन


नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। साइंस की दुनिया जितनी रोचक है, उतनी ही रहस्यों से भी भरी होती है। ऐसी ही रहस्य और रोचकता से भरी है फ्रांस की अनोखी सड़क, जिसे ‘पैसेज डू गोइस’ के नाम से जाना जाता है। यह सड़क दिन में सिर्फ दो घंटे के लिए पानी से बाहर दिखती है।

फ्रांस के पश्चिमी तट पर स्थित नोइरमौतिए द्वीप की सबसे बड़ी विशेषता है पैसेज डू गोइस। यह एक प्राकृतिक और ज्वारीय सड़क है, जो मुख्य भूमि को द्वीप से जोड़ती है, लेकिन यह सड़क दिन में सिर्फ कुछ घंटों के लिए ही दिखाई देती है और पार की जा सकती है। इस अनोखी सड़क का कनेक्शन चंद्रमा से है।

चंद्रमा की गुरुत्वाकर्षण शक्ति से प्रभावित ज्वार-भाटा के कारण यह सड़क उच्च ज्वार में पानी में डूब जाती है और कम ज्वार में ही उभरकर नजर आती है। नोइरमौतिए एक छोटा ज्वारीय द्वीप है, जिसकी लंबाई लगभग 20 किलोमीटर है।

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के अनुसार, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) से एस्ट्रोनॉट्स ने इस द्वीप के उत्तर-पश्चिमी हिस्से की तस्वीर खींची थी। यह तस्वीर 12 जून 2021 को ली गई थी, जिसमें कम ज्वार के समय खुले कीचड़ वाले मैदान, खारे पानी के दलदल, रेत के टीले, छोटी बस्तियां और खेत साफ दिखाई देते हैं। पैसेज डू गोइस लगभग 4.125 किलोमीटर लंबी है। खास बात है कि द्वीप तक पहुंचने का मुख्य रास्ता यही है। सही समय पर इसे पार करना जरूरी होता है।

साल 1971 में एक पुल बनाया गया, जिससे हाई टाइडल में भी यात्रा संभव हो सके लेकिन पैसेज डू गोइस आज भी ज्वार के साथ डूबता-उभरता रहता है। कम ज्वार के समय यह सड़क कार, साइकिल या पैदल पार करने लायक होती है। आमतौर पर औसत ज्वारीय गुणांक (ज्वार और भाटा के बीच अंतर) लो टाइडल से 1.5 घंटे पहले और 1.5 घंटे बाद तक यानी लगभग 3 घंटे में इसे पार किया जा सकता है। बताया गया है कि यह चंद्रमा की खिंचाव शक्ति पर निर्भर करता है। हाई टाइडल ज्वार में पानी 1.5 से 4 मीटर तक ऊपर चढ़ जाता है।

द्वीप के आसपास खुले कीचड़ मैदानों में सीपदार जीवों की बहुतायत है। यहां बड़े पैमाने पर सीप पालन होता है। तट पर मछली पालन, स्थानीय लोग दलदलों से ‘सफेद सोना’ यानी नमक भी इकट्ठा करते हैं। गर्मियों में पानी भाप बनकर उड़ जाता है, तो छोटी नहरों और तालाबों से नमक निकाला जाता है।

नासा ने निकोन डी5 कैमरे से 1150 एमएम फोकल लेंथ पर एक तस्वीर ली। अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी की ऐसी तस्वीरें वैज्ञानिकों और आम लोगों के लिए लेते हैं, जो इंटरनेट पर मुफ्त उपलब्ध हैं। पैसेज डू गोइस प्रकृति की अनोखी कृति है, जो चंद्रमा की शक्ति से जुड़ी हुई है। पर्यटक इसे देखने आते हैं।

–आईएएनएस

एमटी/वीसी


Related Articles

Latest News