कांशीराम की जयंती पर विपक्षी नेताओं ने किया नमन, खड़गे बोले- सामाजिक न्याय की लड़ाई में योगदान प्रेरणादायी


नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। समाज सुधारक कांशीराम की जयंती के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। खड़गे ने कहा कि सामाजिक न्याय और बराबरी की लड़ाई में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “महान समाज सुधारक कांशीराम ने दलित, वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को संगठित कर उन्हें भारतीय राजनीति की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। सामाजिक न्याय और बराबरी की लड़ाई में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनकी जयंती पर हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।”

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पोस्ट में लिखा, “सामाजिक न्याय की विचारधारा के नायक और दलित, वंचित, शोषित तबकों की प्रखर आवाज कांशीराम की जयंती पर उन्हें सादर नमन। कांशीराम जी ने अपने विचारों और आंदोलनों के माध्यम से समानता और न्याय के संवैधानिक सिद्धांतों को नई ऊंचाई दी। उनके विचार हम सबको सदैव प्रेरित करते रहेंगे।”

बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने पोस्ट किया, “बहुजन समाज के मसीहा, बीएसपी, बामसेफ और डीएस4 के संस्थापक कांशीराम की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। आज का दिन मान्यवर साहेब के मिशन मूवमेंट को जारी रखने के संकल्प लेने का दिन है। अपने सामाजिक परिवर्तन आंदोलन से देश समाज को नई दिशा देकर देश के करोड़ों पिछड़े, शोषित और वंचित समाज का राजनीतिक सशक्तिकरण करने वाले मान्यवर साहेब की जयंती हमारे लिए सबसे बड़ा पर्व है।”

उन्होंने आगे लिखा, “आज जब कांग्रेस, भाजपा सपा जैसे संगठन मान्यवर साहेब के विचारों को तोड़ मरोड़कर अपना राजनीतिक हित साधना चाहते हैं, तो हमें कांशीराम के विचारों को सुनना चाहिए और संकल्प लेना चाहिए कि हम बहुजन मूवमेंट को जारी रखेंगे और मायावती के नेतृत्व में बसपा को मजबूत कर सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करेंगे।”

इससे पहले, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी कांशीराम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मायावती ने लिखा, “बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जन्मदाता और संस्थापक कांशीराम को उनकी जयंती पर उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में उनके अनुयायियों की ओर से शत-शत नमन और श्रद्धांजलि अर्पित। कांशीराम ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की विचारधारा और आंदोलन को पूरे देश में जिंदा करके और उनके कारवां को आगे बढ़ाकर सत्ता की मंजिल तक पहुंचाने के मिशन के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करके लगातार संघर्ष किया।”

बसपा प्रमुख ने बहुजन समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे बसपा आंदोलन से जुड़कर मिशनरी और ईमानदार अंबेडकरवादी बनें व अपने वोट की ताकत से सत्ता की ‘मास्टर चाबी’ हासिल करें। उन्होंने कहा कि इससे बाबासाहेब की ओर से संविधान में बहुजनों के हित, कल्याण, उत्थान और आत्मसम्मान की सुरक्षा के लिए दिए गए अधिकारों को जमीन पर लागू किया जा सकेगा।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News