ग्रेटर नोएडा में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा: राकेश सचान


ग्रेटर नोएडा, 13 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खाद्य एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान ने की।

यह बैठक ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंकों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान मंत्री राकेश सचान ने योजना के अंतर्गत जनपदों को दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्च 2026 के शेष दिनों में लंबित पड़े आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र युवाओं तक योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंच सके।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी बैंक शाखा द्वारा बिना ठोस और पर्याप्त कारण के किसी आवेदन को निरस्त किया जाता है, तो संबंधित शाखा और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराएं और योजना के लक्ष्यों को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ बैंक शाखाओं में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले ऋण वितरण की प्रगति शून्य है। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण और जनहितकारी योजना है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी और लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

मंत्री राकेश सचान ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाएं। जिलों में शिविर, जन-जागरूकता कार्यक्रम और मार्गदर्शन सत्र आयोजित कर युवाओं को योजना की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इसके माध्यम से हर वर्ष लगभग एक लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.5 लाख युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 1.25 लाख से अधिक युवाओं को 5150 करोड़ रुपए से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है।

बैठक में एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सीएम युवा मिशन के राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला, अपर आयुक्त उद्योग मेरठ मंडल उमेश सिंह, उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्धनगर पंकज निर्वाण, विभिन्न बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधि और उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

–आईएएनएस

पीकेटी/एमएस


Related Articles

Latest News