मुंबई, 13 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा के जाने-माने निर्देशक और निर्माता राम गोपाल वर्मा एक बार फिर अपनी चर्चित फिल्म के नए पार्ट के साथ दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। निर्देशक ने बताया कि वह अपनी पॉलिटिकल क्राइम फ्रेंचाइजी ‘सरकार’ के पार्ट ‘सरकार 4’ की शूटिंग अगले महीने से शुरू करने वाले हैं।
यह जानकारी उन्होंने मुंबई में आयोजित रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए दी।
‘सरकार’ फ्रेंचाइजी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही है। इसके पहले भी कई पार्ट्स को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। ऐसे में ‘सरकार 4’ की घोषणा ने दर्शकों के बीच नई उत्सुकता पैदा कर दी है। निर्देशक ने इस मौके पर अपने पुराने अनुभवों और फिल्म के बारे में भी बात की।
दरअसल, राम गोपाल वर्मा फिल्म फेस्टिवल में अपनी चर्चित फिल्म ‘शिवा’ की स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए पहुंचे थे। फेस्टिवल में जब इस फिल्म को फिर से दिखाया गया, तो निर्देशक ने इसके निर्माण से जुड़ी कई यादें साझा कीं।
उन्होंने बताया, ”इस फिल्म को बनाने के लिए मैं कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों से प्रेरित था। खासतौर पर प्रसिद्ध हॉलीवुड निर्देशक स्टीवन स्पिलबर्ग की फिल्म बनाने की शैली ने काफी प्रभावित किया।”
राम गोपाल वर्मा ने कहा, ”’शिवा’ फिल्म के कुछ सीन्स और कैमरा शॉट्स सीधे तौर पर स्टीवन स्पीलबर्ग की शैली से प्रेरित थे। स्पीलबर्ग जिस तरह कैमरे का इस्तेमाल करते हैं, वह हमेशा से मुझे बेहद दिलचस्प लगा है। मैंने अपनी फिल्म में कुछ शॉट्स उसी अंदाज से तैयार किए। फिलहाल, मैं ‘सरकार 4’ के अलावा एक अन्य फिल्म पर काम कर रहा हूं, जिसका नाम ‘सिंडिकेट’ है। मुझे उम्मीद है कि ये प्रोजेक्ट्स दर्शकों को जरूर पसंद आएंगे।”
जब उनसे हाल के समय की फिल्मों और फिल्मकारों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे हाल में आई फिल्म ‘धुरंधर’ काफी पसंद आई। नई पीढ़ी के फिल्मकारों में उन्होंने आदित्य धर का नाम लिया।
बता दें कि ‘सरकार’ में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन लीड रोल में थे। यह महाराष्ट्र की सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक राजनीतिक-क्राइम फिल्म है। इस फ्रेंचाइजी की पहली किस्त ‘सरकार’ 2005 में रिलीज हुई थी। 2008 में राम गोपाल ने इसका दूसरा पार्ट ‘सरकार राज’ जारी किया। 2017 में ‘सरकार 3’ रिलीज हुई थी। अमिताभ और अभिषेक के अलावा, मनोज बाजपेयी, केके मेनन, कैटरीना कैफ, अमित साध, यामी गौतम और सुप्रिया पाठक जैसे सितारे इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम
