जयपुर, 13 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान पुलिस ने भीलवाड़ा में महिलाओं के एक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह कथित तौर पर मध्य प्रदेश से राजस्थान आता था और भीड़भाड़ वाले धार्मिक कार्यक्रमों में गहने चोरी करता था। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने से बचने के लिए ये महिलाएं चोरी किए गए गहनों को निगल जाती थीं, ताकि तलाशी के दौरान उनके पास कुछ न मिले।
राजस्थान पुलिस ने भीलवाड़ा जिले के कोटरी में मंदिर के एक कार्यक्रम के दौरान गहने चोरी करने के मामले में सात महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच और एक्सरे के दौरान डॉक्टर उस समय हैरान रह गए, जब एक महिला के पेट में मंगलसूत्र और सोने के कई मनके मिले।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शानू (31), व्रतिका (20), बरजी बाई (52), बसंती (60), मैना (28), पायल (20) और सपना (32) के रूप में हुई है। सभी नीमच जिले के अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं। बताया जा रहा है कि इस गिरोह में बुजुर्ग महिलाएं भी चोरी की वारदात में सक्रिय रूप से शामिल थीं।
कोटरी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी महावीर मीणा के अनुसार, यह चोरी चारभुजा मंदिर में शीतला सप्तमी के मौके पर हुई थी। उस समय रंगोत्सव मनाने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में मौजूद थे और इसी भीड़ का फायदा उठाकर गिरोह ने महिलाओं को निशाना बनाया।
स्थानीय निवासी राधा अहीर ने शिकायत दर्ज कराई कि भीड़ के बीच उनके गले से सोने का मंगलसूत्र और छह सोने के मनकों वाला हार चोरी हो गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे पता चला कि संदिग्ध महिलाएं राज्य के बाहर की हैं। रात में गश्त के दौरान पुलिस ने एक कार में जा रही सात संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा और पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। कार चालक को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान महिलाओं ने चोरी की बात स्वीकार कर ली और गुरुवार शाम उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के तहत सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें सपना के पेट में धातु की वस्तु दिखाई दी।
इसके बाद उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए चोरी किया गया मंगलसूत्र और सोने के मनके बाहर निकाल लिए।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह चोरी के तुरंत बाद गहनों को निगल लेता था या छिपा देता था, ताकि तलाशी के दौरान पकड़ा न जाए। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह क्षेत्र के अन्य भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में हुई चोरियों में भी शामिल रहा है।
–आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
