बैंकॉक, 12 मार्च (आईएएनएस)। वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट के पांचवें दिन गुंजन, राधामणि लोंगजाम और चंद्रिका पुजारी ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। हालांकि, प्रार्ची और प्रियांश सेहरावत को एकतरफा मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय टीम के लिए दिन की शुरुआत शानदार रही। गुंजन (48 किलोग्राम) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पोलैंड के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की। राधामणि लोंगजाम (57 किलोग्राम) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पहले राउंड में रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट (आरएससी) से इक्वाडोर की अपनी विरोधी को हराया। हालांकि, प्राची (60 किलोग्राम) को स्लोवाकिया की खिलाड़ी के खिलाफ 5-0 से हार झेलनी पड़ी, जबकि पुरुषों के डिवीजन में प्रियांश सेहरावत (70 किलोग्राम) मोरक्को के खिलाड़ी से 5-0 से हार गए। हालांकि, चंद्रिका पुजारी (50 किलोग्राम) ने अमेरिका पर 5-0 की जीत दर्ज करते हुए भारत के लिए दिन का शानदार अंत किया।
8 से 15 मार्च तक बैंकॉक में हो रहे वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में दुनिया भर के होनहार युवा बॉक्सर यूथ ओलंपिक वेट कैटेगरी में मुकाबला कर रहे हैं, जिससे उन्हें भविष्य के वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए जरूरी इंटरनेशनल एक्सपोजर और तैयारी करने का मौका मिलेगा। टूर्नामेंट के फाइनल स्टेज की ओर बढ़ने के साथ भारतीय टीम अब इस लय को आगे भी बरकरार रखना चाहेगी।
टूर्नामेंट के चौथे दिन भी भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। प्रियांश सेहरावत (70 किलोग्राम) ने लातविया पर 5-0 से जीत दर्ज की थी, जबकि एल अंबेकर (50 किलोग्राम) ने ताजिकिस्तान के खिलाड़ी को 5-0 से हराते हुए अगले दौर में अपनी जगह बनाई थी। साहिल दुहान भी अपना मुकाबला जीतने में सफल रहे थे। हालांकि, अमन सिवाच (65 किलोग्राम) को यूक्रेन के खिलाड़ी के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। भारतीय मुक्केबाज अब तक टूर्नामेंट में अपने जबरदस्त पंचों के दम पर विपक्षी मुक्केबाजों पर भारी पड़े हैं। भारतीय टीम टूर्नामेंट के छठे दिन भी जीत के इस सिलसिले को जारी रखना चाहेगी।
–आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
