पूर्णिया, 12 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्णिया पहुंचे। यहां उन्होंने चल रही विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कई निर्देश दिए।
इस क्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्णिया जिला अंतर्गत 485 करोड़ रुपए की लागत से 92 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 164 करोड़ रुपये की लागत से 84 योजनाओं का उद्घाटन तथा 321 करोड़ रुपये की लागत से आठ योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने मां पूरण देवी मंदिर परिसर का भ्रमण कर कराए जा रहे सौंदर्यकरण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणा के तहत मुख्यमंत्री ने स्टेट हाईवे 60 से पूरण देवी मंदिर तक नवनिर्मित दो लेन पथ तथा लाइन बाजार चौक से पॉलिटेक्निक चौक भाया रजनी चौक पथ के मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया।
जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत मां पूरण देवी मंदिर प्रांगण स्थित पोखर का कराए गए जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण कार्य का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। स्थानीय कलाकारों ने झिझिया नृत्य कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बिहार बाल भवन किलकारी द्वारा मंदिर परिसर में लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया।
प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के जिला स्तरीय संसाधन तथा प्रशिक्षण केंद्र में नवनिर्मित डेयरी, मत्स्य, पशु संसाधन विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम ने पशुपालकों से भी संवाद किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र के विकास के लिए सभी जरूरी कार्य कर रही है। कृषि एवं पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं ताकि बिहार के किसान और पशुपालक आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकें। उन्होंने पशुपालकों से कहा, “आप सभी पूरे बुलंदी से काम करिए। सरकार हर संभव सहयोग करेगी।” सीएम नीतीश ने यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों को भी देखा।
–आईएएनएस
एमएनपी/डीके
