'आज मैं पिता बना हूं…': रणदीप हुड्डा के घर में गूंजी किलकारी, पत्नी लिन ने बेबी गर्ल को दिया जन्म


मुंबई, 10 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा के घर खुशियों ने दस्तक दी है। दरअसल, उनकी पत्नी लिन लैशराम ने बेबी गर्ल को जन्म दिया है। इस खबर के सामने आते ही परिवार और फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। इस खुशखबरी को रणदीप हुड्डा ने खुद सोशल मीडिया के जरिए साझा किया। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उनके घर नन्ही परी ने जन्म लिया है।

रणदीप हुड्डा ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। पहली तस्वीर में उनके पिता अपनी पोती को गोद में लिए हुए नजर आ रहे हैं। इस फोटो में उनके चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दे रही है। तस्वीर के ऊपर तारीख लिखी हुई है – 10 मार्च 2026, जो इस बात की ओर इशारा करती है कि इसी दिन उनकी बेटी का जन्म हुआ है।

दूसरी तस्वीर ब्लैक एंड व्हाइट है और उसमें नवजात बच्ची का छोटा सा मुट्ठी बंद हाथ नजर आ रहा है। यह तस्वीर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इन तस्वीरों के साथ रणदीप हुड्डा ने एक दिल छू लेने वाला कैप्शन भी लिखा।

उन्होंने लिखा, “दादाजी और पोती को जन्मदिन की घणी बधाई। आज जब मैं खुद पिता बना हूं, तो पापा के लिए मेरा सम्मान और भी गहरा हो गया है, और सबसे जरूरी बात – लिन, मुझे पिता बनाने और हमारी छोटी बच्ची को इस दुनिया में लाने के लिए धन्यवाद। एक छोटी बच्ची और जिंदगी भर का प्यार।”

जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आया, फैंस ने कमेंट सेक्शन में बधाइयों की झड़ी लगा दी। कई लोगों ने ‘कॉन्ग्रैचुलेशन्स’, ‘गॉड ब्लेस द बेबी’, और ‘नई जिंदगी की शुरुआत के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं’ जैसे कमेंट्स किए। कुछ फैंस ने बच्ची को ‘लिटिल एंजल’ और ‘प्रिंसेस’ कहकर अपनी खुशी जाहिर की।

रणदीप और लिन ने 29 नवंबर 2023 को मणिपुरी मैतेई रीति-रिवाजों के साथ शादी की थी। दोनों ने परिवार के करीबी सदस्यों और दोस्तों के बीच शादी की रस्मों को पूरा किया था। कपल की पहली मुलाकात 2011 में नसीरुद्दीन शाह के थिएटर में हुई थी। वहां दोनों की दोस्ती की शुरुआत हुई। वे थिएटर में लिन के सीनियर थे और बहुत मदद भी करते थे, और उनके अच्छे व्यवहार के कारण ही लिन भी उन्हें पसंद करने लगी। रणदीप और लिन ने शादी से पहले कई सालों तक एक-दूसरे को डेट किया था। हालांकि, कल्चर अलग होने की वजह से परिवार काफी समय तक शादी के खिलाफ था, लेकिन परिवार को मनाने के बाद कपल ने शादी कर ली।

–आईएएनएस

पीके/डीकेपी


Related Articles

Latest News