पटना, 9 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में सियासी बदलाव की संभावना को लेकर लोजपा (रामविलास) द्वारा चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनाने की मांग के पोस्टर लगाए जाने को लेकर प्रदेश के गन्ना विभाग के मंत्री संजय पासवान ने कहा कि कार्यकर्ताओं की अपनी भावना होती है और उनकी भावना का सम्मान है। लेकिन अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं।
पटना में मीडिया के साथ बातचीत के दौरान उनसे जब चिराग के मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले लगाए गए पोस्टर के संबंध में पूछा गया, तो लोजपा (रामविलास) के नेता संजय पासवान ने कहा, “अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। आगे जो भी होगा, एनडीए की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। उसमें जो फैसला होगा, हम उसका स्वागत करेंगे।”
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की अपनी भावना होती है और उनकी भावनाओं का हम सभी सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व जो तय करेगा, उसका स्वागत करेंगे। गठबंधन के अंदर फैसले का सम्मान करना चाहिए, किसी एक व्यक्ति के चाहने से नहीं होगा। गठबंधन में शीर्ष नेतृत्व जो फैसला लेगा, उसका सम्मान होगा।
इधर, निशांत के जदयू में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि सभी दल अपनी पार्टी की बेहतरी के लिए फैसला लेते हैं और अपने नेता का चुनाव करते हैं। यह पार्टी का अपना फैसला है। इससे पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी उनके कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई जा रही है। इस मांग को लेकर बिहार भाजपा कार्यालय के बाहर पोस्टर भी लगाए गए हैं।
दरअसल, एनडीए में शामिल लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान के कार्यकर्ताओं द्वारा इससे पहले भी इस तरह की मांगें उठाई जाती रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने के बाद यह तय हो गया है कि बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली होगी। इस बीच, चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग के बाद सियासी तापमान बढ़ गया है। भाजपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर में लिखा गया है – ‘ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो।’
–आईएएनएस
एमएनपी/एएस
