टीम और मैनेजमेंट ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, वह बहुत मायने रखता है: अभिषेक शर्मा


अहमदाबाद, 8 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब अपने नाम किया है। इस ऐतिहासिक मैच में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेलकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। खिताबी जीत के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा है कि जिस तरह टीम और मैनेजमेंट ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, वह उनके लिए बहुत मायने रखता है।

अभिषेक शर्मा इस विश्व कप की शुरुआती तीन पारियों में खाता नहीं खोल सके थे। इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 15 रन और जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की पारी खेली, लेकिन अगले दो मुकाबलों में अभिषेक 10 और 9 रन ही बना सके थे।

हालांकि, खिताबी मुकाबले में इस 25 वर्षीय खिलाड़ी का बल्ला फिर से चला। अभिषेक ने 21 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 52 रन की पारी खेली। इस दौरान संजू सैमसन के साथ 7.1 ओवरों में 98 रन जोड़े। अभिषेक शर्मा ने गेंद से भी योगदान दिया। उन्होंने 1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 5 रन देकर 1 विकेट निकाला।

खिताबी जीत के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा, “एक बात बिल्कुल स्पष्ट थी। मैं पहले भी यह बात साझा करना चाहता था, लेकिन आज इसके लिए सबसे अच्छा दिन है। कप्तान और कोच ने मुझ पर भरोसा जताया। यहां तक कि मैं खुद भी अपने ऊपर शक करने लगा था। मैंने पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं किया था, यह मेरे लिए काफी मुश्किल टूर्नामेंट रहा।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं बस अपनी प्रक्रिया पर ध्यान दे रहा था और एक-एक मैच पर फोकस कर रहा था, लेकिन यह आसान नहीं था। मुझे इस टीम से बहुत प्यार है, क्योंकि जिस तरह से सभी ने मेरा साथ दिया, वह शानदार था। पूरे साल मैं टीम के लिए अच्छा कर रहा था, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में वैसा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा था, इसलिए यह मेरे लिए मुश्किल था।”

अभिषेक ने कहा, “टीम और मैनेजमेंट ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं टूर्नामेंट के बीच में भावुक हो गया था। मैं कोच और कप्तान से बात करना चाहता था। उन्होंने मुझसे कहा कि तुम हमारे लिए बड़े मैच जिताओगे। मुश्किल समय में भी दर्शकों ने हमारा काफी समर्थन किया।”

रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई।

–आईएएनएस

आरएसजएसजी


Related Articles

Latest News