इजरायल की चेतावनी, 'विदेशों में रहने वाले यहूदियों पर हमले का खतरा बढ़ा', सतर्क रहने की सलाह


यरुशलम, 6 मार्च (आईएएनएस)। ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) की घोषणा की है। अन्य विदेशों में इजरायली नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।

इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में लिखा है, “आतंकवादी तत्व विदेशों में इजरायलियों को नुकसान पहुंचाने के मकसद से काम कर रहे हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) विदेशों में रहने वाले इजरायलियों से सतर्कता बनाए रखने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने का आग्रह करती है।”

आधिकारिक घोषणा में कहा गया है, “ऑपरेशन ‘रोरिंग लायन’ शुरू होने के बाद से दुनिया भर में इजरायली और यहूदी ठिकानों के खिलाफ ईरानी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आतंकवादी गतिविधियों और खतरों में बढ़ोतरी देखी गई है। इसके अलावा, ईरान की ओर से इस क्षेत्र के देशों और सीमा से लगे देशों, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और जॉर्डन शामिल हैं, पर प्रत्यक्ष हमले हो रहे हैं। इन क्षेत्रों में इजरायली लक्ष्यों पर हमलों की आशंका बढ़ रही है।”

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में हाल की कुछ घटनाओं का जिक्र किया गया है, जिसमें अलग-अलग देशों में इजरायली नागरिकों को निशाना बनाया गया। ‘लोन-वुल्फ’ हमलों का खतरा भी बढ़ा है। इसमें कहा गया है, “1 मार्च को टेक्सास के ऑस्टिन में अकेले हमलावर ने गोलीबारी की। 3 मार्च को टोरंटो में यहूदी ठिकानों पर गोलीबारी की गई। हमलावर अभी भी फरार है।”

फिलहाल, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) ने इजरायली लोगों से कहा है कि वे जिस भी देश में जा रहे हैं, वहां ज्यादा सावधानी बरतना जरूरी है।

इसके साथ ही, इजरायली नागरिकों के लिए कुछ खास दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। गाइडलाइंस के अनुसार, इजरायली नागरिक अगली सूचना तक संयुक्त अरब अमीरात के रास्ते ट्रांजिट फ्लाइट लेने से बचें। सार्वजनिक स्थानों पर यहूदी या इजरायली पहचान से जुड़े संकेतों को छिपाकर रखें। दुनिया भर के सभी डेस्टिनेशन पर और खासकर ईरान, खाड़ी क्षेत्र की सीमा से लगे देशों और मौजूदा ट्रैवल अलर्ट वाले देशों में ज्यादा सावधानी बरतें। सोशल मीडिया पर रियल-टाइम पर्सनल जानकारी शेयर न करें।

इजरायली नागरिकों को यह भी दिशा निर्देश दिए गए हैं कि यहूदी या इजरायली के तौर पर पहचानी गई जगहों पर जाने से बचें। इजरायल या यहूदी धर्म से जुड़ी जगहों में होने पर अपने आसपास का पूरा ध्यान रखें। किसी खतरे या हमले की हालत में, तुरंत लोकल सिक्योरिटी फोर्स को इसकी जानकारी दें। हर खास देश के लिए एनएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई सलाह का पालन करें।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News