'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में रवि किशन, ओरी और मलाइका अरोड़ा की अनोखी जोड़ी आई, हंसी और ग्लैमर का लगा तड़का


मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। मनोरंजन की दुनिया में ऐसे मौके कम ही आते हैं जब अलग-अलग शैलियों के कलाकार एक ही मंच पर दिखाई देते हैं। ऐसा ही कुछ नेटफ्लिक्स के पॉपुलर शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के एक खास एपिसोड में देखने को मिला, जहां तीन अलग-अलग कलाकारों को आमंत्रित किया गया। इस बार दर्शकों को देसी अंदाज के सुपरस्टार रवि किशन, इंटरनेट के फेवरेट सेंसेशन ओरी और स्टाइल की दिवा क्वीन मलाइका अरोड़ा एक ही एपिसोड में देखने को मिलेंगे। इस कॉम्बिनेशन ने जहां दर्शकों को हैरान किया, वहीं हंसी और मजेदार बातचीत का तड़का भी लगाया।

मेकर्स ने नए एपिसोड की झलक साझा की। वीडियो की शुरुआत में सभी मेहमानों के साथ की गई हल्की-फुल्की मस्ती को दिखाया जाता है। इसके बाद शो के होस्ट और कॉमेडियन कपिल शर्मा रवि किशन और ओरी का स्वागत करते हैं और कहते हैं कि ओरी और रवि किशन भैया दोनों ही मुंबई से हैं, और दोनों की पर्सनैलिटी बिल्कुल अलग है। रवि भैया शुद्ध देसी आदमी हैं, और ये अपनी मिट्टी से चिपके रहते हैं।

इसके बाद कपिल ओरी की बात करते हैं और मजाकिया अंदाज में कहते हैं, ”ओरी, जिससे मिलते हैं… उससे चिपक….” ये कहते-कहते वह रुक जाते हैं। इसके बाद ओरी अपने सिग्नेचर पोज में कपिल के साथ फोटो क्लिक कराते हैं। इसके बाद कीकू शारदा और कृष्णा अभिषेक अपने-अपने किरदार ‘मोना’ और ‘सोना’ के रूप में नजर आते हैं और लोगों को हंसाने की कोशिश करते हैं। वह कपिल से बात करते हुए कहते हैं, ”कपिल, इनको चाय के साथ दही खिलाना।”

इस पर कपिल उन्हें टोकते हुए कहते हैं, “ये क्या कॉम्बिनेशन है?” इस पर कृष्णा अभिषेक भी चुटकी लेते हुए रवि और ओरी की ओर इशारा करते हैं और बोलते हैं, “तो ये भी क्या कॉम्बिनेशन हुआ फिर। ऐसा लगता है कि डोनॉल्ड और ठेकुआ को एक ही डब्बे में डाल दिया हो।”

ये सुनकर वहां मौजूद लोग ठहाकों के साथ हंसने लगते हैं।

वीडियो में रवि किशन, ओरी को भोजपुरी सिखाते हुए भी नजर आते हैं। वह भोजपुरी भाषा में ओरी को एक लाइन सिखाते हैं, ‘पगला जाइ सब लोग’… इस लाइन को ओरी अपने मजेदार अंदाज में बोलते हैं।

इस मजेदार एपिसोड में मलाइका अरोड़ा की भी एंट्री होती है। मलाइका अपनी स्टाइलिश अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह बातचीत शुरू करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू के लिए एक शायरी बोलती हैं और कहती हैं, ”आपके दीदार के लिए कहां से कहां आ गए, वहां मिलना बंद हुआ तो अब यहां आ गए।”

इसके बाद मलाइका जीवन मंत्र देते हुए कहती हैं कि जीवन में शरारती होना बहुत ज्यादा जरूरी है। वीडियो में सुनील ग्रोवर अपने पुराने अंदाज में लौटते हैं और ‘मंजोत सिंह 2.0’ के रूप में मंच पर शायरी, स्टाइल और कॉमेडी के तड़के को जोड़ते हैं।

–आईएएनएस

पीके/डीकेपी


Related Articles

Latest News