नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने दुनिया से अपील की है कि वो थोड़ा और भारत की तरह हो जाए क्योंकि ये देश दूसरों की स्वायत्ता का मान रखता है और व्यावहारिक नजरिए से आगे बढ़ता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने पीएम मोदी के कूटनीतिक कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा, “भारत दुनिया के सबसे बड़े और सबसे प्रभावशाली देशों में से एक है और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। जैसा कि हमने देखा है, आप अब यूरोप के लिए एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार हैं। आप दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक हैं, जिसे हम यहां हर दिन देख सकते हैं।”
स्टब ने भारत की विदेश नीति को खूब सराहा। बोले, “आपकी विदेश नीति की खूबी ये है कि आप कभी गलतफहमी में नहीं रहते। आपने हमेशा अपनी विदेश नीति को व्यावहारिक और यथार्थवादी दृष्टिकोण पर आधारित रखा है। आपने दुनिया को दिखाया है कि रणनीतिक सतर्कता और स्वायत्तता की रक्षा करना कितना महत्वपूर्ण है, साथ ही बहुपक्षवाद और वैश्विक सहयोग का समर्थन भी किया है। मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना है कि दुनिया को थोड़ा और भारतीय बनना चाहिए।”
उन्होंने बदलते दौर में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, “दुनिया बदल रही है, हम ग्लोबल ऑर्डर में बदलाव के दौर से गुज़र रहे हैं और भारत, ग्लोबल साउथ में अपने दोस्तों के साथ मिलकर यह तय करेगा कि यह ऑर्डर किस दिशा में जाएगा। आज हमने इस इलाके में सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की। हमने रक्षा मामलों और संघर्षों वेस्ट एशिया और यूक्रेन पर चर्चा की। हम इस बात पर सहमत हुए कि युद्ध खत्म करना सभी के हित में है। एक स्थायी शांति तभी हो सकती है जब यूनाइटेड नेशंस के सिद्धांतों का सम्मान किया जाए।”
अलेक्जेंडर स्टब ने कहा, “मुझे लगता है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के लिए एक सीट बहुत जरूरी है। हमने भारत और ईयू के बीच रिश्ते पर भी बात की, और मैं मानता हूं कि ये रणनीतिक साझेदारी जरूरी है। एक अच्छी शुरुआत हो रही है। मेरे साथ 20 फिनिश कंपनियां आई हैं जो प्रौद्योगिकी से लेकर क्वांटम, सैटेलाइट्स, नेटवर्क्स, फूड और ग्रीन टेक तक में काम करती हैं।”
–आईएएनएस
केआर/
