मुंबई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। एक तरफ जहां निर्माता विपुल शाह की ‘द केरल स्टोरी 2’ पर हाईकोर्ट ने रिलीज से एक दिन पहले रोक लगा दी है, वहीं दूसरी तरफ विवादों में फंसी फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ की रिलीज डेट टल गई।
यह दोनों ही फिल्में शुक्रवार को रिलीज होनी थीं, लेकिन किसी न किसी कारण दोनों फिल्मों की रिलीज पर कुछ समय के लिए फुलस्टॉप लग गया है। अब फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ कब रिलीज होगी, इसे लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
‘यादव जी की लव स्टोरी’ में सिंपल का रोल निभाने वाली प्रगति तिवारी ने फिल्म की रिलीज से जुड़ी जानकारी शेयर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें लिखा है कि 27 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ की रिलीज को पोस्टपोन कर दिया गया है। हालांकि, यूजर्स मेकर्स के फैसले को फिल्म को हिट कराने का तरीका बता रहे हैं। यूजर्स का मानना है कि घूसखोर पंडत जैसी फिल्म को लोकप्रियता दिलाने के लिए मेकर्स ने जानबूझकर ऐसा किया था।
इसी बीच सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी फिल्म का जमकर विरोध हो रहा है। मुरादाबाद में भारतीय किसान यूनियन ने गुरुवार को फिल्म को लेकर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया और फिल्म को बैन करने की मांग की। किसान यूनियन का कहना है कि अगर फिल्म पर रोक नहीं लगी तो विरोध प्रदर्शन और उग्र हो जाएगा। इससे पहले 25 फरवरी को ही सुप्रीम कोर्ट साफ कर चुका है कि फिल्म के टाइटल में कुछ भी असंवैधानिक नहीं है। अदालत ने फिल्म के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए कहा था कि फिल्म के टाइटल से यादव समुदाय की छवि खराब नहीं होती और ये मामला घूसखोर पंडत से अलग है।
जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्जल भुइयां की बेंच ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि किसी फिल्म को सिर्फ टाइटल इसलिए असंवैधानिक नहीं ठहराया जा सकता कि उससे किसी समुदाय की छवि खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
बता दें कि फिल्म में बतौर लीड एक्ट्रेस बिग बॉस का हिस्सा रह चुके मृदुल तिवारी की बहन प्रगति तिवारी हैं, जो पहले से ही सोशल मीडिया का जाना-माना चेहरा हैं। फिल्म को लेकर हुए विवाद पर भी एक्ट्रेस ने ट्रोल करने वालों की क्लास लगा दी थी। उन्होंने कई ऐसे वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें उन्हें बहुत बुरा-भला कहा गया था। हालांकि, प्रगति ने पहले कहा था कि फिल्म में कुछ भी गलत नहीं है।
–आईएएनएस
पीएस/डीकेपी
