मुंबई, 24 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री समीरा रेड्डी स्वस्थ जीवनशैली को बहुत महत्व देती हैं। वे न सिर्फ हेल्दी खान-पान की सलाह देती हैं बल्कि नियमित व्यायाम करने के लिए भी जोर देती हैं। समीरा अक्सर हेल्दी फूड की क्रिएटिव रेसिपी शेयर करती रहती हैं ताकि लोग हेल्दी फूड का मजा ले सकें।
उन्होंने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने अरबी की स्वादिष्ट रेसिपी बताई है। साथ ही, इसके खाने के अद्भुत फायदे भी समझाए हैं।
उन्होंने बताया, “अगर आपको बार-बार थकान, अच्छा खाने की इच्छा और दिन भर हार्मोन का उतार-चढ़ाव होता है, अरबी फ्राई आपको लगातार ऊर्जा देगी। यह पाचन सुधारने और महिलाओं के लिए ज्यादा फायदेमंद होती है। इसे सिर्फ डाइट फूड नहीं, बल्कि पौष्टिक आहार समझें।”
अभिनेत्री ने इसे बनाने की आसान रेसिपी बताई। उन्होंने लिखा, “इसे बनाना बेहद आसान है। इसके लिए आप लंबी अरबी छिलके सहित, किनारे काटकर उसे गुड़ और नमक वाले पानी में नरम होने तक 10 मिनट तक उबाल लें। अब कड़ाही में तेल गरम करें। राई डालें, जब ये चटकने लगे तो जीरा, लहसुन और हरी मिर्च डालें। इसके बाद प्याज और टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं। फिर हल्दी डालें। उबली हुई अरबी और नमक डालें। 5-7 मिनट तक हल्का कुरकुरा होने तक पकाएं। ऊपर से हरा धनिया डालकर गरम-गरम परोसें।”
उन्होंने आगे लिखा, “कच्ची अरबी खाने से गले में खुजली या जलन होती है क्योंकि इसमें कैल्शियम-ऑक्सलेट के छोटे कण होते हैं। अगर आप इसे अच्छे से पकाते या उबालते हैं, तो यह असर खत्म हो जाता है और यह खाने के लिए फायदेमंद भी होती है।”
समीरा ने इसके फायदे भी बताए। उन्होंने लिखा, “यह शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देती है, इसलिए बार-बार भूख नहीं लगती। पेट की सूजन कम होती है और पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है। इसमें हल्की मात्रा में आयरन होता है, जो खून की कमी दूर करने में मदद करता है। यह सूजन (इन्फ्लेमेशन) को कम करने में कारगर होता है, खासकर पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द और थकान में बहुत फायदेमंद है।”
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
