Monday, February 23, 2026

टी20 वर्ल्ड कप: भारत के खिलाफ शानदार जीत, साउथ अफ्रीकी कप्तान ने इन बल्लेबाजों को सराहा


अहमदाबाद, 22 फरवरी (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने रविवार को भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप-2026 के सुपर-8 मुकाबले में 76 रन से शानदार जीत दर्ज की। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने इस जीत के लिए डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस को सराहा है।

डेविड मिलर (63) और डेवाल्ड ब्रेविस (45) ने उस वक्त टीम को संभाला, जब साउथ अफ्रीका ने 20 के स्कोर पर 3 विकेट खो दिए थे। यहां से इस जोड़ी ने 50 गेंदों में 97 रन की साझेदारी की। कप्तान मार्करम ने इन बल्लेबाजों की तारीफ में कहा, “यह सबसे अहम चीज साझेदारी रही। डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार काम किया, टीम को संभाला, पारी को स्थिर किया और हमें मैच में बनाए रखा। अंत के ओवरों में बातचीत यही थी कि इस मुकाबले में गेंद अच्छे से आ रही थी, थोड़ी स्पंजी भी लग रही थी, इसलिए रणनीति यह थी कि गैप खोजें, तेजी से रन दौड़ें, अहंकार को साइड में रखें और जितना मिल सके उतना बटोरें।”

शानदार जीत के बाद साउथ अफ्रीकी कप्तान एडेन मार्करम ने कहा, “टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। यहां की पिच पहले की तुलना में बिल्कुल अलग थी, इसलिए यह देखकर अच्छा लगा कि खिलाड़ियों ने इसे जल्दी समझा और अपनी स्किल्स को हालात के मुताबिक ढालकर अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू किया। हमारी गेंदबाजी यूनिट के लिए हम काफी उत्साहित हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत हमारे लिए थोड़ी कठिन रही थी, लेकिन आज जिस तरह से उन्होंने प्रदर्शन किया, वह काबिल-ए-तारीफ था। हम बॉलिंग ग्रुप के लिए सच में बहुत उत्साहित हैं। वे कड़ी मेहनत कर रहे थे, मैच की शुरुआत थोड़ी मुश्किल थी, लेकिन इस मैच में जिस तरह से उन्होंने अच्छा खेला, वह बहुत शानदार प्रयास था। मुझे लगता है कि सबसे पहले और सबसे जरूरी पार्टनरशिप थी।”

एडेन मार्करम ने कहा, “हम जानते हैं कि गलतियां होंगी और एक समूह के तौर पर हमें उससे कोई दिक्कत नहीं है, हम उन्हें पीछे छोड़कर आगे बढ़ते हैं। लुंगी एनगिडी जब भी गेंदबाजी करते हैं, वह विकेट लेने का खतरा बने रहते हैं, खासकर मिडिल फेज में। यह परिस्थितियों पर निर्भर करता है। गर नई गेंद से ज्यादा मदद नहीं दिखती तो हम उन्हें बाद के लिए बचाकर रखते हैं, और अगर पिच में कुछ है तो वह उससे फायदा उठाते हैं। मैच के दिन आकलन करेंगे और उन्हें वही भूमिका देंगे।”

साउथ अफ्रीका 26 फरवरी को अपना अगला सुपर-8 मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। कप्तान ने कहा, “अगला मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ है। हाल ही में दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुकी हैं, इसलिए यह दोनों के लिए समान चुनौती होगी। वेस्टइंडीज एक खतरनाक टी20 टीम है और अच्छा क्रिकेट खेल रही है। हम इस जीत का जश्न मनाएंगे, फिर उसे यहीं छोड़कर 28 तारीख के मैच के लिए पूरी तैयारी और ध्यान देंगे। यह हमारे लिए बड़ा मैच है और हम आत्मविश्वास या अच्छे माहौल को हल्के में नहीं लेना चाहते।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News