Sunday, February 22, 2026

रैपिड और मेट्रो की सौगात पाकर खिले मेरठ के लोगों के चेहरे, बोले-महिलाओं और छात्रों के लिए काफी फायदेमंद


मेरठ, 22 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोगों को रैपिड और मेट्रो ट्रेन की सौगात दी। पीएम मोदी ने मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रैपिड और मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ किया। इसके बाद एक जनसभा को भी संबोधित किया। जनसभा में पहुंचे लोगों ने मंच से प्रधानमंत्री मोदी के भाषण को सुनकर सराहना की आईएएनएस से बातचीत में मेरठ में रैपिड और मेट्रो ट्रेन से होने वाले फायदे के बारे में बताया।

स्थानीय निवासी संध्या त्यागी ने कहा, “मेरठ के लोग रैपिड और मेट्रो ट्रेन का काफी समय से इंतजार कर रहे थे। महिलाओं और बच्चों को लिए ये सौगात काफी फायदेमंद है। मेरठ के लोग, खासकर महिलाएं, बच्चे और छात्र जो दिल्ली जाना चाहते थे, उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और समय अधिक लगता था, लेकिन अब उनकी यात्रा कम समय में पूरी हो जाएगी।”

स्थानीय युवती एकता ने कहा, “हमें कई उपहार मिले हैं, लेकिन सबसे बड़ा उपहार रैपिड परियोजना है। यह हमारे और यहां के लोगों के लिए एक अनमोल उपहार है। आने वाले समय में हमारी कई उम्मीदें भी हैं। इस उपहार के लिए प्रधानमंत्री का दिल से धन्यवाद।

स्थानीय निवासी विधि शर्मा ने कहा, “मैंने अपना सारा कामकाज छोड़कर खास तौर पर प्रधानमंत्री मोदी को देखने आई थी। मैं गिटार सीखती हूं, लेकिन मैंने सब छोड़कर यहां आने का फैसला किया। यह मेरे लिए बहुत खास मौका था। मैं प्रधानमंत्री के लिए भगवद् गीता भी लाई, लेकिन यहां इतने लोग थे कि शायद उन्होंने ध्यान ही नहीं दिया।”

उर्वशी ने कहा, ” रैपिड और मेट्रो ट्रेन सबके लिए बहुत सकारात्मक पहल है। पहले रोजाना आने-जाने में बहुत लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और बहुत समय लगता था, लेकिन अब हम रोजाना बहुत तेजी से और कम समय में यात्रा कर सकेंगे।”

एक शिक्षक ने कहा, “जब से प्रधानमंत्री मोदी ने मेट्रो का उद्घाटन किया है, जनता को बहुत सुविधा मिली है। यह बहुत आसान हो गया है, सड़क पर लंबी दूरी तय करना अब कोई समस्या नहीं है। यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित है और इससे आनंद मिलता है।”

–आईएएनएस

ओमप्रकाश


Related Articles

Latest News